शारदा रिपोर्टर मेरठ। महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ “मनरेगा बचाव अभियान” के अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीती 13 फरवरी को शहर भर में पदयात्रा निकाली। जिसके बाद मेरठ महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ “मनरेगा बचाव अभियान” के अंतर्गत विधानसभा पहुंचकर आज मंगलवार को धरना प्रदर्शन करना था। लेकिन, इससे पहले ही कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया।

इस दौरान पुलिस कर्मियों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को घर से बाहर नहीं निकलने दिया। इस बात से गुस्साए पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिर अंसारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार कांग्रेस सरकार द्वारा पूर्व में लागू की गई जनहित की योजनाओं का नाम और नियम बदलकर देश की “लाइफ लाइन” कही जाने वाली योजनाओं को कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ” महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम” जैसी महत्वपूर्ण योजना का नाम बदलकर “जी राम जी” किया जाना सरकार की मंशा को स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि यह कदम देश के करोड़ों मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित कर उन्हें आज़ादी से पूर्व की स्थिति में धकेलने जैसा है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए रोजगार की गारंटी देने वाली ऐतिहासिक योजना है, जिसे कमजोर करना सीधे तौर पर श्रमिक वर्ग के हितों पर प्रहार है। कांग्रेस पार्टी मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी। इसके अलावा महानगर अध्यक्ष कि मेरठ महानगर कांग्रेस कमेटी शीघ्र ही नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स के बिलों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ एक व्यापक जन आंदोलन शुरू करेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जब-जब सत्ता में आती है, तब-तब जनता पर नए-नए टैक्स लगाकर उनका आर्थिक शोषण करती है। बढ़े हुए हाउस टैक्स से व्यापारी, मध्यमवर्गीय और आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।उन्होंने कहा कि, देश और प्रदेश की जनता अब इस अन्याय के खिलाफ खड़ी हो चुकी है और कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को बुलंद करने का कार्य करेगी।


