चाहे आसमान का सूरज बुझ जाए,
पर मन का सूरज बुझने न दो ।
पथरीले पथ से कदम लहुलुहान हो जाए,
पर बढ़ते कदम को रूकने न दो।

शिखा सक्सेना, ज्योतिषाचार्य। ये कविता मूलांक आठ वालों पर एकदम सटीक बैठती है । मूलांक आठ वाले मेहनती, दृढ़ निश्चयी, ईमानदार और साहसी होते हैं । मूलांक आठ वालों का प्रतिनिधि ग्रह शनिदेव हैं जो ख़ुद धीमा चलते हैं और मूलांक आठ वालों की जीवन की चाल भी इन्हीं की तरह धीमी होती है । मूलांक आठ वालों को अच्छी तरह से समझ लेना चाहिए कि बिना मेहनत किए उन्हें कुछ भी हासिल नहीं होने वाला । अगर ये मेहनत छोड़कर भाग्य के भरोसे बैठे रहेंगे या किसी भी काम का शॉर्ट कट निकालेंगे तो सफलता से दूरी उतनी ही बढ़ जाएगी । मूलांक आठ वाले अगर अपने जीवन के शुरुआती दिनों में अच्छी तरह मेहनत कर लें तो इनके पास जो भी होगा वह टिकाऊ और बेहतर होगा लेकिन कई बार ये देखा गया है कि ये थोड़े आलसी स्वभाव के होते हैं और यही आलस इन्हें पीछे धकेल देता है ।



