– खत्तों से क्षेत्र में बदबू और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ा।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। छावनी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर छावनी परिषद द्वारा खोले गए अवैध खत्तों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से क्षेत्र में गंदगी बढ़ गई है और महामारी फैलने का खतरा मंडराने लगा है। लोगों का कहना है कि खुले खत्तों से बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नही दे रहे हैं।

इसी बीच छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी ने बाउंड्री रोड पर पिंकी छोले-भटूरे की दुकान के सामने स्थित एक खत्ते को बंद करवा दिया। इसके बाद परिषद के स्तर पर इसे बड़ी उपलब्धि की तरह पेश किया गया। इस पर स्थानीय लोगों ने तंज कसते हुए कहा की जैसे इस एक कार्रवाई से मेरठ छावनी परिषद पूरे देश की छावनियों में पहला स्थान हासिल कर लेगी।
क्षेत्र की जनता का कहना है कि छावनी परिषद में जो भी नया सीईओ बनकर आता है, कुछ समय बाद वह भी पुराने अधिकारियों की ही राह पर चलने लगता है। लोगों का आरोप है कि समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं, केवल दिखावटी कारवाई होती रहती है।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सभी अवैध खत्तों को तुरंत हटाया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था लागू की जाए और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बंद किया जाए।

