– मौके पर ट्रक छोड़कर चालक हुआ फरार, बैलगाड़ी में गन्ने लादकर चीनी मिल जा रहे थे।
पीलीभीत। शाहजहांपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के गन्ना लेकर चीनी मिल जा रहे एक किसान की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में किसान का एक बैल भी नहीं बच सका। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नसुल्लापुर निवासी 33 वर्षीय हरीश पुत्र गेंदनलाल रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब 4 बजे अपने डनलप (बैलगाड़ी) पर गन्ना लादकर बीसलपुर चीनी मिल की ओर निकले थे। हाईवे पर जय गुरुदेव आश्रम के पास अंधेरे में सामने से आ रहे लकड़ी से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बैलगाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डनलप पूरी तरह टूट गई। हरीश सड़क पर दूर जा गिरे और सिर व शरीर में गंभीर चोटें आने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। डनलप खींच रहे दो बैलों में से एक की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बीसलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल किसान को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बीसलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।
किसान हरीश की मौत की खबर जैसे ही नसुल्लापुर गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर अंधेरे और तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी संजीव शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

