spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Tuesday, February 3, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeशहर और राज्यउत्तर प्रदेशBulldozer Action in Bareilly: जहां हुई बरेली दंगे की साजिश, उस पर...

Bulldozer Action in Bareilly: जहां हुई बरेली दंगे की साजिश, उस पर चला बुलडोजर

-

– दूसरे दिन भी तौकीर के करीबी वाजिद बेग के बारातघर पर बुलडोजर, वाजिद बेग फरार।

बरेली। बवाल के आरोपी वाजिद बेग के मैरिज हॉल पर दूसरे दिन भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी है। करीब 1000 वर्ग गज में बना आलीशान बारातघर, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मंगलवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की थी।

 

Bulldozer Action in Bareilly

 

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी में स्थित समाजवादी पार्टी के नेता और तौकीर के करीबी वाजिद बेग के बारातघर के ध्वस्तीकरण के लिए एक पोकलैंड मशीन के साथ तीन बुलडोजर लगाए गए हैं। बीडीए के मुताबिक बिना मानचित्र स्वीकृति के इस बारातघर का निर्माण किया गया था, जिसके बाद इसे 8 अक्टूबर को सील कर दिया गया था। इसके बाद 23 दिसंबर को बारातघर के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।

बीडीए वीसी डॉ मणिकंदन ए ने बताया कि वाजिद बेग पुत्र हुसैन बेग के विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा वाद संख्या बीडीए/जेड-2/एएनआई/2025/0001704 (जोन-02, सेक्टर-02) योजित किया गया था। वाद में वाजिद बेग को सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाने के बाद ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए गए।

वाजिद बेग पर आरोप है कि तौकीर रजा ने इसी बारातघर में 26 सितंबर से पहले एक बड़ी मीटिंग की थी, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए थे। आरोप है कि उसी मीटिंग में बरेली में दंगा कराने की साजिश रची गई थी। पुलिस को उस मीटिंग का वीडियो भी मिला था, जिसके बाद बरेली में हुए बवाल से जुड़े दर्ज सभी 12 मुकदमों में जांच के बाद वाजिद बेग का नाम भी बढ़ाया गया। वाजिद बेग 26 सितंबर की घटना के बाद से फरार है और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।

वाजिद बेग के भाई आबिद बेग ने बताया कि करीब आठ महीने पहले इस मैरिज हॉल का निर्माण कराया गया था, जिसमें काफी पैसा लगाया गया था। जानकारी के मुताबिक लोन लेकर भी इस बारातघर को बनाया गया था। दो मंजिला बारातघर को काफी आलीशान तरीके से तैयार किया गया था और इसमें महंगा इंटीरियर भी कराया गया था।

26 सितंबर को हुए बवाल के बाद पुलिस-प्रशासन लगातार तौकीर रजा के करीबियों पर शिकंजा कस रहा है। प्रशासन अब तक करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति को सील और ध्वस्त कर चुका है। इसमें मौलाना तौकीर की पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता डॉ नफीस का बारातघर, उनके भतीजे और सपा पार्षद ओमान रजा का अवैध चार्जिंग स्टेशन, मोहम्मद आरिफ का दो मंजिला मार्केट और तीन मंजिला सुपर मार्केट शामिल है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के नेता सरफराज बली और मोहम्मद राशिद के बारातघरों पर भी बुलडोजर की कार्रवाई हो चुकी है। इसके साथ ही पांच बारातघर, होटल और मकानों को सील किया जा चुका है। बीडीए ने करीब 100 संपत्तियों को चिन्हित किया है, जिन पर लगातार कार्रवाई जारी है।

तौकीर समेत 100 आरोपी जेल में

बरेली बवाल में शामिल मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा समेत 100 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने बरेली में हुए बवाल के मामले में 12 मुकदमे दर्ज किए थे, जिनमें करीब 3000 अज्ञात आरोपी शामिल हैं। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर रही है।

पांच थानों की पुलिस और पीएसी तैनात

सुरक्षा के मद्देनजर पांच थानों की पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है। दोनों तरफ के रास्तों को बंद कर दिया गया है और रास्तों पर पुलिस बल लगाया गया है, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति मौके पर न पहुंच सके। मौके पर एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सिटी समेत बीडीए के अधिकारी अवर अभियंता संदीप कुमार, अजीत साहनी, सीताराम, सुरेंद्र द्विवेदी, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, गजेंद्र शर्मा, विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दीपक कुमार और प्रवर्तन टीम मौजूद है।

आज होगी तौकीर की कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी

फतेहगढ़ जेल में बंद मौलाना तौकीर रजा की आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीजेएम कोर्ट में पेशी होगी। इसके साथ ही बरेली जेल में बंद बरेली बवाल के अन्य आरोपियों को भी पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। इसे देखते हुए कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

 

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts