– लव मैरिज की थी, बाथरूम का दरवाजा तोड़कर निकाले दोनों के शव।
पीलीभीत। एक सरकारी कर्मचारी और उसकी पत्नी की गैस गीजर से दम घुटने से मौत हो गई। दोनों किराए के मकान में रहते थे। जब कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र की गुरुकुल पुरम कॉलोनी का है।

विकास भवन स्थित जिला ग्रामीण विकास एजेंसी में हरजिंदर (42 साल) फोर्थ क्लास कर्मचारी थे। परिवार में पत्नी रेनू सक्सेना (40 साल) थी। दोनों गुरुकुल धाम कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।
पुलिस के अनुसार, रेनू का हाल ही हाथ टूट गया था। प्लास्टर 30 नवंबर को हटाया गया था। प्लास्टर हटने के बाद भी उनके हाथ में दर्द बना था। उनकी देखभाल पति हरजिंदर कर रहे थे। हरजिंदर अपनी पत्नी को बाथरूम में नहला रहे थे। गैस गीजर चालू था। आशंका है कि गीजर से निकली गैस के कारण बाथरूम के भीतर आॅक्सीजन की कमी हो गई, जिससे दोनों का दम घुट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने उसे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी फैलते ही कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई। पड़ोसियों ने बताया- हरजिंदर और रेनू ने प्रेम विवाह किया था। उनकी कोई संतान नहीं थी। दोनों किराए के मकान में अकेले रहते थे।
शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शुरूआती जांच में मौत का कारण दम घुटना प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि गुरुकुल पुरम इलाके में एक घर के अंदर बाथरूम में पति-पत्नी का शव मिलने की सूचना पुलिस टीम को मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर बाथरूम का दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम में भेज दिया है। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग एस्कॉर्ट की टीम जांच पड़ताल करने के लिए पहुंची है।

