- विमल राज कंपनी को अस्थायी रूप से टोल चलाने की मंजूरी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। करनाल हाईवे स्थित भूनी टोल प्लाजा का संचालन अब विमल राज कंपनी करेगी। कंपनी को अस्थाई रूप से टोल चलाने की अनुमति मिल गई है। विमल राज कंपनी पहले से ही बागपत स्थित बालेनी टोल का संचालन कर रही है।
कंपनी के जीएम सौरभ यादव ने बताया कि शाम 6 बजे से उनके कर्मचारी टोल प्लाजा पर तैनात हो गए हैं। फिलहाल 10 कर्मचारी मौजूद हैं। एक कैश लाइन शुरू है, जबकि दूसरी खराब होने के कारण बंद है। फास्टैग लाइन सुचारू रूप से चल रही है।
स्थानीय लोगों की ओर से फास्टैग कटौती का विरोध किया जा रहा है। भूनी, करनावल और सरूरपुर के कुछ लोग इस मुद्दे को लेकर टोल प्लाजा पहुंचे। कंपनी प्रबंधन ने उनसे बातचीत कर स्थिति को शांत किया।
सरूरपुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने टोल प्लाजा का निरीक्षण किया। उन्होंने नई कंपनी के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी कर्मचारियों को रजिस्टर बनाने और नाम-पते की सूची प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है। नए टेंडर की तिथि तय होने तक विमल राज कंपनी ही टोल प्लाजा का संचालन करेगी।