spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Sunday, February 8, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeउत्तर प्रदेशMeerutयूपी के दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म फिर हो रही रिलीज

यूपी के दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म फिर हो रही रिलीज

-

– मोदी ने कसा राहुल और अखिलेश पर तंज, लोकसभा चुनाव में अब शुरू होगी जुबानी जंग तेज।


अनुज मित्तल (समाचार संपादक)

मेरठ। लोकसभा चुनाव में पहले दो चरणों के लिए नामांकन हो चुके हैं और प्रचार भी शुरू हो गया है। हालांकि अभी तक सिर्फ भाजपा का ही प्रचार नजर आ रहा है, सपा, बसपा और कांग्रेस अभी प्रचार मैदान में नहीं उतरे हैं। लेकिन सहारनपुर में मोदी की रैली के बाद यह साफ हो गया कि अब जुबानी जंग तेज होने वाली है।

शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर में रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां विकास से लेकर विदेश नीति और महिला, युवा और किसान सभी को साधा। खासतौर पर सहारनपुर की पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के तीन तलाक जैसे मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया।

मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस तो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी है। अब जो कांग्रेस बची है, उसके पास न देश हित में नीतियां हैं और न ही राष्ट्रनिर्माण का विजन। कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणा पत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस, आज के भारत की आशाओं-आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। कांग्रेस के घोषणा पत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है और इसका जो कुछ हिस्सा बचा रह गया, उसमें वामपंथी पूरी तरह हावी हो चुके हैं। कांग्रेस इसमें दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती है।

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा कि आपको याद होगा, यहां उत्तर प्रदेश में दो लड़कों की जो फिल्म पिछली बार फ्लॉप हो चुकी है, उन दो लड़कों की फिल्म को इन लोगों ने फिर से रिलीज किया है। मुझे समझ नहीं आता कि काठ की इस हांडी को ये विपक्षी गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि सपा की स्थिति तो ये है कि यहां उन्हें हर घंटे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और भी विचित्र है, कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार उतारने की हिम्मत ही नहीं हो रही है। यानी विपक्षी गठबंधन अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

मोदी ने किसानों को साधने का प्रयास करते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों में यूरिया का एक बोरा 3,000 रुपये में मिलता है। हमारे यहां किसानों को यूरिया का ये बोरा 300 रुपये से भी कम में मिलता है। पिछले 10 साल से हमारी सरकार लगातार अपने किसान भाइयों के लिए काम कर रही है। किसान की छोटी-छोटी जरूरत को लेकर हमारी सरकार संवेदनशील है। आज देश में छोटे किसानों की पीएम किसान निधि के जरिये मदद की जा रही है। अकेले यहां सहारनपुर में ही 3 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 860 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर की काष्ठकला और कारीगरों की नब्ज पर हाथ रखते हुए कहा कि भाजपा देश के हर नागरिक की परेशानी कम कर रही है। हर किसी के लिए नए अवसर बना रही है। सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और यहां के लोगों के कौशल की ख्याति तो दूर-दूर तक है। इसलिए योगी जी हों या मोदी, हमें आपका ध्यान है। पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन रहा है। इस वर्ष रामनवमी में हमारे प्रभु राम टेंट में नहीं, बल्कि भव्य मंदिर में दर्शन देंगे।

करीब चालीस मिनट के संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर रैली के दौरान कांग्रेस और सपा को ही निशाने पर रखा, बसपा या अन्य किसी दल के लिए उन्होंने कुछ नहीं बोला। यह बात जरूर है कि इस रैली में भी वह चौ. चरण सिंह को भारत रत्न देने की बात कहना नहीं भूले। इससे साफ है कि प्रधानमंत्री अब चुनाव में हर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का पूरा होमवर्क कर मैदान में उतर रहे हैं।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts