नई दिल्ली। मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं।
इस घटना में कांगो के एक नागरिक के परिवार के सदस्यों की मृत्यु हो गई। नागरिक ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी बहन भी इस हादसे में मारी गई है। उसने अपने प्रियजनों को खोने पर गहरा सदमा जताया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, जिस रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत हुई थी, उसकी पहचान ‘होटल फ्लोरिश स्टेज’ के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, होटल के मालिक की पहचान लोकेश बजाज के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, होटल के संचालन में तीन पार्टनर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन पार्टनर के दिल्ली में कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी हैं। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां होटल के मालिकाना हक, संचालन और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।’
जानकारी के मुताबिक, 18 लोगों के मौत की पुष्टि मैक्स अस्पताल ने की है। इसमें नौ पुरुष और नौ महिला शामिल हैं। विदेशी नागरिक की भी पुष्टि की है। वहीं, इमारत से कूदने से घायल होने वालों में कई लोगों के हाथ और पैर भी टूट गए हैं। मैक्स हेल्थकेयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुधिरजा ने बताया, ‘8 घायल वेंटिलेटर पर हैं, उनका इलाज चल रहा है। वेंटिलेटर पर जो मरीज हैं उनमें से अधिकांश को स्मॉग की वजह से लंग्स में इंजरी हुई है। अधिकांश लोगों को मामूली बर्न्स हैं, गहरे बर्न्स नहीं हैं। पांच मरीज स्थिर थे और मामूली चोटों के साथ यहां आए थे जिनका प्राथमिक इलाज करके उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। सभी घायलों को दो-तीन तरह की चोटें आई हैं, पहली स्मॉग की वजह से लंग्स में इंजरी हुई है, दूसरा बर्न्स और तीसरा हड्डी की चोट क्योंकि कई लोगों ने बताया है कि वह बचाव के समय ऊपर से कूद गए थे। (मैक्स अस्पताल में) जिन 18 मरीजों की मौत हुई है उनमें 9 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल है।