परिवार गिरनार दर्शन के लिये जा रहा था
जूनागढ़: गुजरात के जूनागढ़ जिले में आने वाले पवित्र गिरनार पर्वत पर शनिवार की सुबह बड़ी घटना हो गई। यहां एक परिवार अंबाजी माता के दर्शन के लिए पर्वत की सीढ़ियां चढ़ रहा था। इस दौरान 11 साल का एक बच्चा सीढ़ियों पर बैठ गया। अचानक एक शेर भीड़ के बीच से उठाकर उसे घने जंगलों में ले गया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे गिरनार क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी दहशत का माहौल है। बच्चे का नाम मयूर चौहान बताया जा रहा जो अपने परिवार के साथ गिरनार पर्वत पर अंबाजी माता मंदिर में दर्शन करने आया था।
घटना शनिवार सुबह 5 बजकर 45 मिनट की बताई जा रही है। रिमझिम बारिश के बीच सैकड़ों श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए गिरनार की सीढ़ियां चढ़ रहे थे। 50वीं सीढ़ी के पास सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच अचानक शेर ने हमला किया और बच्चे को अपना शिकार बना लिया। वहां मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए, शेर को देखकर अफरा-तफरी मच गई और सब अपनी जान बचाकर भागे। शेर ने सीधे 11 साल के बच्चे पर झपट्टा मारा और उसे अपने जबड़े में दबाकर तेजी से नीचे खाई और घने जंगल की तरफ भाग निकला। बताया जा रहा है कि बच्चे का परिवार परिवार खेड़ा जिले के महेमदाबाद तहसील के मोडज गांव का रहने वाला है।
आंखों के सामने अपने को इस तरह से शेर के उठा ले जाने से माता-पिता बदहवास हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही जूनागढ़ वन विभाग की टीमों ने आॅपरेशन चलाया है। आधुनिक उपकरणों, ट्रैकिंग गियर और पिंजरों के साथ उस घने जंगल में रेस्क्यू जारी है। लेकिन शनिवार सुबह घटी इस घटना से हर कोई हैरान रह गया। जिस दिशा में शेर बच्चे को लेकर गया था, वह सर्चिंग तेज की है। गिरनार वन्यजीव अभयारण्य का यह इलाका बेहद पथरीला और झाड़ियों से भरा है, इसलिए सर्च आॅपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।