– खेत के कंटीले तारों में फंसा मिला शव।
प्रतापगढ़। उदयपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अर्जुन गौड़ (पुत्र स्व. रामहरख गौड़) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अर्जुन मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और नशे की लत से भी जूझ रहे थे। उनके बड़े भाई फूलचंद ने बताया कि शुक्रवार रात अर्जुन अपने छोटे भाई पवन के घर खाना खाने के बाद निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तो उन्होंने अर्जुन का शव कंटीले तारों में फंसा हुआ देखा। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान थाना प्रभारी मोहम्मद आफताब आलम, उपनिरीक्षक संजय यादव, घनश्याम यादव और राजेश शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मृतक अर्जुन गौड़ चार भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। उनकी शादी हो चुकी थी और उनके चार बच्चे हैं, जिनमें 13 वर्षीय बेटा, 11 वर्षीय बेटी, 9 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटा। घटना के समय उनकी पत्नी अपनी बहन के घर धुरियापुर गई हुई थीं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।
परिजनों ने बताया कि अर्जुन पहले लुधियाना में फर्नीचर का काम और ठेकेदारी करते थे। वर्ष 2016 में एक साथी द्वारा पैसों के लेन-देन में धोखाधड़ी के बाद उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी, जिसके बाद छोटे भाई उन्हें घर वापस ले आए थे।
थाना प्रभारी मोहम्मद आफताब आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद और जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

