- पत्नी पर जहर देने का आरोप, घर से नगदी-जेवर लेकर फरार होने की चर्चा।
- मामले की जांच में जुटी पुलिस।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है और पुलिस को तहरीर देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविदास विहार कॉलोनी निवासी आकाश की शादी 4 फरवरी को रठौड़ा खुर्द निवासी राधिका के साथ हुई थी। आकाश बीए का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ घर के कामों में भी परिवार का हाथ बंटाता था। परिजनों का कहना है कि शादी से पहले आकाश बिल्कुल सामान्य था, लेकिन शादी के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
परिवार के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि पत्नी आए दिन नई-नई मांगें रखती थी, जिससे घर में तनाव का माहौल बना रहता था। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी होती थी।
आकाश की मां हरवीरी ने बताया कि 9 मार्च को दोपहर करीब तीन बजे तक आकाश बिल्कुल ठीक था। शाम करीब छह बजे जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उस समय उसकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। इसके बाद परिजन उसे तुरंत सुभारती अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई दिन तक उसका इलाज चलता रहा, लेकिन गुरुवार देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी राधिका अक्सर गायब रहती थी और आकाश का मोबाइल फोन भी उसी के पास है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि आकाश की मौत के बाद राधिका अपनी मां के साथ घर से नगदी और जेवरात लेकर चली गई।
आकाश पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कह रही है।


