– ट्रेन में हुई थी मुलाकात, रोहटा में परिजन थे अनजान।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का तीन बच्चों के पिता से प्रेम प्रसंग और कोर्ट मैरिज का मामला सामने आया है। युवती के परिजनों को इस शादी की जानकारी नहीं थी। पांच दिन पहले युवती के लापता होने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, करीब 10 साल पहले युवती की मुलाकात ट्रेन में एक व्यक्ति से हुई थी। यह मुलाकात धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। युवक पहले से ही तीन बच्चों का पिता है। इसके बावजूद, दोनों ने लगभग दो साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी।
करीब पांच दिन पहले युवती अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवती को बरामद कर लिया और उसके प्रेमी को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपनी कोर्ट मैरिज के दस्तावेज दिखाए और साथ रहने की इच्छा जताई। उन्होंने अपने परिवार वालों से सुरक्षा का खतरा भी बताया। फिलहाल, युवती को नारी निकेतन भेज दिया गया है, जबकि तीन बच्चों के पिता को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने कोर्ट मैरिज की है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आरोपी की पूर्व पत्नी कोई शिकायत करती है, तो उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

