– हाथियों के आपसी संघर्ष में मौत की आशंका, वन विभाग ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच जारी
लखीमपुर-खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व में एक जंगली हाथी मृत पाया गया है। यह घटना पलिया प्रभाग की दक्षिण सोनारीपुर रेंज में सामने आई, जहां वन विभाग के फील्ड स्टाफ ने गश्त के दौरान हाथी का शव देखा। वन विभाग के अनुसार, छोटा पलिया बीट के कक्ष संख्या-1 में गश्त कर रहे कर्मचारियों को हाथी संदिग्ध हालत में दिखा था। पास जाकर जांच करने पर वह मृत पाया गया। प्रारंभिक निरीक्षण में नर हाथी के पेट पर गहरे घाव के निशान मिले हैं।

शुरूआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत किसी अन्य हाथी के साथ हुए आपसी संघर्ष में लगी चोटों के कारण हुई है। बताया गया है कि घटनास्थल के आसपास पिछले कई दिनों से लगभग 29 हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा था, और मृत हाथी इसी झुंड का सदस्य माना जा रहा है।
यह झुंड दो दिन पहले दुधवा रेंज के सरौता बीट और नकौआ नाले के पास देखा गया था। एक दिन पहले इसे दक्षिण सोनारीपुर रेंज के अमला ताल क्षेत्र में पूरी तरह स्वस्थ हालत में देखा गया था। वन विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हाथी की मौत हाल ही में हुई है। शव का पोस्टमार्टम पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के दिशानिदेर्शों के अनुसार किया जा रहा है। मुख्य वन संरक्षक एवं फील्ड डायरेक्टर के निर्देशन में पशु चिकित्सकों की एक टीम यह प्रक्रिया पूरी कर रही है।

