HomeHealth newsगर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव को किया टीकाकरण

गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव को किया टीकाकरण

-

– छात्राओं का किया गया टीकाकरण।

शारदा रिपोर्टर मेरठ। महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए क्रांति धरा मेरठ में गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए एक व्यापक टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस दौरान गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण कराया गया। ताकि, छात्राओं में होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।

 

 

बता दें कि, इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को अजमेर से किया गया था। उसी श्रृंखला में मेरठ में यह महत्वपूर्ण पहल की शुरूआत की गई। जिसके चलते मंगलवार को गढ़ रोड स्थित आनंद अस्पताल में 400 बच्चियों को जीवनरक्षक वैक्सीन लगाकर इस महत्वपूर्ण पहल की शुरूआत की गई। यह वैक्सीन देश की प्रतिष्ठित संस्था सेरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया द्वारा निर्मित स्वदेशी टीका है, जो बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी जी, संसद सदस्य (राज्य सभा) द्वारा किया गया। डॉ. बाजपेयी ने सभी बेटियों के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वें अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को यह जीवनरक्षक टीका अवश्य लगवाएं, ताकि वे एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि, वैक्सीन की उपलब्धता में कोई कमी नहीं होगी तथा पुन: और वैक्सीन भी मेरठ को मिलेगी।

‘बेटियां सुरक्षित तो देश का भविष्य सुरक्षित’ इसी संदेश के साथ मेरठ में महिलाओं के जीवन की रक्षा हेतु एक नई स्वास्थ्य क्रांति का शुभारंभ हुआ है।

कार्यक्रम के तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी डॉ. गरिमा जैन, कैंसर विशेषज्ञ, आनंद अस्पताल, मेरठ द्वारा उपस्थित जनसमूह को दी गई। इस अवसर पर यह गंभीर तथ्य भी सामने रखा गया कि देश में हर 8 मिनट में एक महिला की मृत्यु गर्भाशय कैंसर के कारण हो जाती है। लेकिन राहत की बात यह है कि 14 से 15 वर्ष की आयु में यह वैक्सीन लगने के बाद इस बीमारी की संभावना 90 से 95 प्रतिशत तक कम हो जाती है।

भारत सरकार द्वारा मेरठ की 41,000 बच्चियों के लिए वैक्सीन स्वीकृत की गई है। प्रथम किश्त के रूप में लगभग 10,940 वैक्सीन उपलब्ध हो चुकी हैं। यह वैक्सीन जिला महिला चिकित्सालय में सोमवार से शनिवार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाई जाएगी। वैक्सीनेशन के लिए केवल आयु प्रमाण पत्र लाना आवश्यक है। आगामी सप्ताह में ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह अभियान प्रारंभ किया जाएगा।

इस कार्य में आर्थिक सहयोग के लिए सीएसआर फंड के माध्यम से स्टेट बैंक आॅफ इंडिया तथा पंजाब नेशनल बैंक का विशेष योगदान रहा। इस सहयोग के लिए दोनों संस्थानों तथा आनंद अस्पताल, मेरठ के प्रबंधन का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान स्टेट बैंक आॅफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक अमित सागर, आकांक्षा सियानवाल, उप प्रबंधक अमित कुमार एवं राजेश कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक राजकुमार एवं आनंद अस्पताल, मेरठ के निदेशक गौतम आनंद आदि मौजूद रहे।

 

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts