Homeउत्तर प्रदेशBulandshahrUP: गर्मी के बीच छाया घना कोहरा

UP: गर्मी के बीच छाया घना कोहरा

-

– जहांगीराबाद समेत कई इलाकों में मंगलवार सुबह वाहनों की रफ्तार धीमी हुई।

बुलंदशहर। मंगलवार सुबह जहांगीराबाद, शिवाली और चांदोक सहित कई इलाकों में अचानक घना कोहरा छा गया। सुबह करीब 4 बजे से कोहरा छाना शुरू हुआ और देखते ही देखते घना हो गया। तेज गर्मी के बीच हुए इस अप्रत्याशित मौसम परिवर्तन ने लोगों को चौंका दिया।

 

 

घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को सुबह अपनी गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। मौसम वैज्ञानिकों ने भी इस अचानक हुए बदलाव पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार को भी पहासू इलाके में ऐसा ही कोहरा देखा गया था।

वर्तमान में बुलंदशहर में अधिकतम औसत तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी पड़ रही है, जिससे लोग मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी का अनुभव कर रहे हैं।

मंगलवार सुबह हुए इस मौसम परिवर्तन की खास बात यह रही कि पूरे जनपद में सिर्फ जहांगीराबाद कस्बे के आसपास ही कोहरे ने दस्तक दी। जहांगीराबाद कस्बे के लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में ही घना कोहरा दिखाई दिया, जबकि जनपद के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहा।

जहांगीराबाद निवासी प्रभात पाठक ने बताया कि जब वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर गए तो अचानक घना कोहरा देखकर आश्चर्यचकित रह गए। उन्होंने यह भी बताया कि सुबह मौसम में ठंडक महसूस हुई, जबकि एक दिन पहले मौसम गर्म था।

—————

बेमौसम छाया कोहरा, यातायात प्रभावित

– कई शहरों में धुंध, मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया।

 

 

शामली। मंगलवार सुबह अचानक घना कोहरा छा गया। बेमौसम आए इस कोहरे के कारण सुबह से ही यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्थिति दिसंबर और जनवरी माह के कोहरे जैसी थी, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। जहां बांदा, झांसी और आगरा जैसे जिलों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, वहीं शामली से लेकर लखनऊ तक कई शहरों में धुंध और हल्का कोहरा दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही, 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। आने वाले दिनों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम में इन तेजी से हो रहे बदलावों से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की आशंका है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts