– बृजघाट व तिगरी धाम में गूंजे हर-हर गंगे के जयकारे, पुलिस तैनात।
अमरोहा। अमावस्या के अवसर पर बृजघाट और तिगरी गंगा धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों से गंगा घाट गूंज उठे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे हवन-यज्ञ भी कराए और पुरोहितों को वस्त्र, भोजन आदि दान किए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा।

मंगलवार को बृजघाट और तिगरी गंगा धाम के घाटों पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं और बुजुर्गों में भी स्नान को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। सुबह तड़के कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे थे।
बृजघाट में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों के अलावा मेरठ, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर और बिजनौर सहित विभिन्न जनपदों से श्रद्धालु पहुंचे थे। कई श्रद्धालु तो सोमवार रात ही बृजघाट पहुंच गए थे और उन्होंने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान किया। इन श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान कर घर में सुख-शांति की कामना की और जरूरतमंदों को दान दिया।
तिगरी गंगा धाम में भी गजरौला शहर और आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने गंगा स्नान किया और हवन-यज्ञ कराकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा।

