शारदा रिपोर्टर मेरठ। बिजलीबम्बा बाईपास स्थित प्रेम हॉस्पिटल के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। हादसे के समय ट्रक में चालक और परिचालक मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति में था और अचानक संतुलन बिगड़ने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ट्रक सड़क से उतरकर सीधे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को नाले से निकलवाने के लिए क्रेन मंगवाई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वाहन के कागजातों की भी जांच की जाएगी। हादसे के चलते कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया।


