– पांच फीट उछलकर दोनों सड़क पर गिरे, बेटे की हालत गंभीर, चालक फरार।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार बाप-बेटे को टक्कर मार दी। यह घटना बिजली बंबा चौकी के पास जुबैदा मस्जिद के नजदीक हुई। पिता-पुत्र अमरोहा से मेरठ रिश्तेदारी में आ रहे थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति करीब 5 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद फॉर्च्यूनर कार चालक मौके पर मौजूद था, लेकिन बाद में वह कार लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने चालक को मौके से भागने में मदद की।
घायल व्यक्ति की पहचान अमरोहा निवासी ओमपाल के रूप में हुई है, जो अपने बेटे के साथ मेरठ रिश्तेदारी में आ रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।

