– चार सांसद कई मुद्दें को लेकर लाएंगे प्रस्ताव।
नई दिल्ली। बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होना है, और पहले ही दिन लोकसभा में हंगामा देखने को मिल सकता है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने से जुड़े विपक्ष के प्रस्ताव पर सोमवार को ही लोकसभा में चर्चा होने की संभावना है। लोकसभा सचिवालय की ओर से 9 मार्च के लिए जो कार्यसूची जारी की गई है, उसके मुताबिक उस दिन प्रश्नकाल के अलावा केवल इस प्रस्ताव पर चर्चा से जुड़ी कार्यवाही को ही शामिल किया गया है।

कार्यसूची के मुताबिक, कांग्रेस सांसद मो जावेद, के. सुरेश और मल्लू रवि इस प्रस्ताव को पेश करेंगे। प्रस्ताव में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि स्पीकर के कुछ फैसलों से सदन के सुचारु रूप से संचालन को खतरा पैदा हो गया है।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी और विपक्ष के बाकी नेताओं को बोलने नहीं देना.विपक्ष की महिला सांसदों के खिलाफ अनुचित और अकारण ही आरोप लगाना। लोकहित के मुद्दे उठाने वाले विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित करना। सत्तारूढ़ दल के सांसदों को पूर्व प्रधानमंत्रियों के बारे में आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां करने से नहीं रोकना।
इन घटनाओं का जिक्र करते हुए ओम बिरला के खिलाफ प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि स्पीकर ज्यादातर विवादित मुद्दों पर सत्तापक्ष के सांसदों का साथ देते हैं। ये भी कहा गया है कि स्पीकर विपक्ष के अधिकारों का संरक्षण नहीं करते हैं और गैर पक्षपाती रवैया नहीं अपनाते हैं, जो सदन के सभी पक्षों का विश्वास हासिल करने के लिए जरूरी है। नियमानुसार प्रस्ताव पेश करने के लिए पहले सदन की अनुमति ली जाएगी।
अनुमति मिलने के बाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा और उसके बाद उस पर चर्चा करवाई जाएगी। चर्चा के बाद आखिर में प्रस्ताव पर वोटिंग करवाई जा सकती है। 9 मार्च को ही प्रस्ताव पर वोटिंग की संभावना है. चूंकि लोकसभा में सरकार के पास बहुमत है, लिहाजा प्रस्ताव पारित होने की संभावना नहीं है। बीजेपी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को 9 और 10 मार्च के लिए व्हिप जारी किया है और सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।


