मेरठ। दो अज्ञात शव मिलने से सनसनी मच गई, एक शव जली हुई हालत में गांव पूठनी स्थित राजवाहे में बहकर आया था, वही दूसरा शव परतापुर थाना क्षेत्र स्थित गांव गून में मौजूद देसी शराब के ठेके के पीछे खेत में पड़ा हुआ था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने खेत में पड़े शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही रजवाहे में मिले शव को लेकर पुलिस सीमा विवाद में उलझी हुई है।
सोमवार सुबह परतापुर थाना पुलिस को गांव गून स्थित देसी शराब के ठेके के पीछे एक खेत में अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष प्रतीत हो रही थी और मृतक ने शर्ट और लोअर पहना था। परतापुर पुलिस मृतक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर ही रही थी कि तभी पुलिस को गांव पूठनी स्थित रजवाड़े में एक जला हुआ शव होने की जानकारी मिली पुलिस ने आनन फानन में खेत में मिले युवक के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद पुलिस गांव पूठनी स्थित रजवाहे के लिए रवाना हो गई;
रजवाहे में मौजूद मृतक व्यक्ति की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष थी और उसका शव करीब 40 प्रतिशत जल हुआ था पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से मृतक के शव को रजवाहे से बाहर निकलवाया और मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर जानी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई जिसके बाद परतापुर और जानी थाना पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस का सीमा विवाद जारी था।