मेरठ। सोमवार को शहर के मराठा समाज ने छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर महाराष्ट्र में आयोजित कार्यक्रमों की ही तरह परंपरागत और विधि-विधान तरीके से पूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज को छोटे से पालने में महिलाओं द्वारा झुलाया गया और कुमकुम व हल्दी से तिलक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल द्वारा दुग्धाभिषेक और गुलाब के फूलों की बनी माला से माल्यार्पण किया गया। छोटे-छोटे बच्चे छत्रपति शिवाजी की वेशभूषा धारण कर इस कार्यक्रम में आए।
जबकि मराठा समाज की महिलाओं ने मराठा परंपरागत तरह से साड़ियां पहनी और नाक में मुंदरी और अन्य आभूषणों का श्रृंगार किया। इस अवसर पर जीरो माइल स्थित शिवाजी चौक के सामने छत्रपति शिवाजी संस्थान पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मराठा समाज के अध्यक्ष महेंद्र पाटील, विनोद मराठा, राजू हस्बे, सुनील मराठा, विजय मराठा आदि के साथ मराठा समाज की सेना में शामिल मेरठ के रहने वाले सैनिकों ने भी हिस्सा लिया।
दूसरी ओर छत्रपती शिवाजी महाराज के जन्म उत्सव के अवसर पर श्री गणेश महाराष्ट्र मित्र मंडल में महाराष्ट्र की महिलाओ द्वारा नृत्य संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाराज की जन्मोत्सव की कहानी दर्शाई गयी। साथ ही महाराज की पूरी कहानी को छोटे बच्चों द्वारा नाट्यरूपांतरण मे दशार्या गया। अन्य कार्यक्रमों के साथ ही महाराज के चरणों के पास भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्री गणेश महाराज मित्र मंडल के समस्त कार्यकर्ता समेत दिग्विजय पाटील, मनोज मोहिते व सचिन मोरे भी उपस्थित थे।