- Delhi Election Results 2025
- नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल हारे,
- जंगपुरा की जंग हारे मनीष सिसोदिया,
Delhi Election Results 2025 Live Updates: दिल्ली चुनाव के आज नतीजे आ रहे हैं। शुरुआती रुझान में भाजपा आगे चल रही है। वोटों की काउंटिंग चल रही है। दिल्ली में कुल 70 सीटें हैं और बहुमत के लिए 36 सीटें होना जरूरी है।
सुबह से हर किसी की निगाहें इस पर टिकी रहीं कि भाजपा राजधानी में 27 साल के सत्ता के सूखे को खत्म कर पाएगी या नहीं? वहीं, पिछले दो चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत पाई कांग्रेस को भी इस चुनाव से काफी उम्मीदें हैं।
13:37 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result: ग्रेटर कैलाश से हारे सौरभ भारद्वाज
ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज को हार मिली है। यहां से BJP की शिखा राय को 3 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत मिली है।
13:34 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: आप कार्यालय से हटाई गईं मेज-कुर्सियां
दिल्ली चुनाव के रुझानों के बीच (AAP) आम आदमी पार्टी के ऑफिस से कुर्सियां और मेज के साथ साथ साउंड सिस्टम भी हटाया जा रहा है।
13:33 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: ‘ये झूठी जीत है’: अखिलेश यादव
दिल्ली विधानसभा चुनाव के साथ-साथ यूपी की एक सीट पर हुए उपचुनाव में BJP को जीत मिली है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि यह झूठी जीत है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा, “पीडीए की बढ़ती शक्ति का सामना भाजपा वोट के बल पर नहीं कर सकती है, इसीलिए वो चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके जीतने की कोशिश करती है।”
13:28 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: दिल्ली सचिवालय के आला अधिकारियों को तुरंत कार्यालय बुलाया गया
दिल्ली सचिवालय में आला अधिकारी को तुरंत पहुंचने का निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में चुनाव रुझानों को देखते हुए अधिकारियों को पहुंचने के लिए बोला गया है। उन्हें सरकारी दस्तावेज और डाटा प्रोटेक्ट करने के लिए कहा गया है।
13:26 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: अरविंद केजरीवाल के आवास पहुंचे मनीष सिसोदिया
दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों के बीच जंगपुरा से आप उम्मीदवार मनीष सिसोदिया पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे हैं।
13:25 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: आप की हार पर कुमार विश्वास की प्रतिक्रिया
कुमार विश्वास ने कहा, “इस बात की खुशी है कि आखिरकार दिल्ली के लोगों को न्याय मिला। भ्रष्टाचार मुक्त भारत के सपने की हत्या करने वाले को आज सबक मिला है। वहीं, दुख इस बात का है एक ऊर्जा निकली थी, लेकिन इसका सदुपयोग नहीं हो पाया।”
13:19 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: संगम विहार में जीती BJP
संगम विहार विधानसभा सीट से चंदन कुमार चौधरी को जीत मिली है। वहीं, आम आदमी पार्टी के दिनेश मोहनिया को हार का सामना करना पड़ा। यहां जीत-हार का अंतर केवल 344 वोटों का रहा।
13:17 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: रजौरी गार्डन से जीते मनजिंदर सिंह सिरसा
BJP के मनजिंदर सिंह सिरसा ने रजौरी गार्डन विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की धनवती चंदेला को 18 हजार वोटों के अंतर से हराया है।
1:10 PM • 08 Feb 2025
मालवीय नगर सीट से आप उम्मीदवार सोमनाथ भारती भी चुनाव हार गए हैं। वहीं, नई दिल्ली सीट से चुनाव जीते भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा- ‘जय श्री राम’।
12:58 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Results2025: क्या बोलीं प्रियंका गांधी?
दिल्ली चुनाव नतीजों पर Congress सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, यह बिल्कुल स्पष्ट था कि दिल्ली के लोग बदलाव चाहते थे और परिणाम यही दर्शाते हैं। जीतने वाले सभी लोगों को बधाई। हमें जमीनी स्तर पर काम करना होगा, इससे सीखना होगा और आगे बढ़ना होगा।
12:56 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Results: सत्येंद्र जैन भी चुनाव हारे
शकूर बस्ती सीट से AAP के सत्येंद्र जैन भी चुनाव हार गए हैं। शालीमार बाग से बीजेपी की रेखा गुप्ता 29595 वोटों से चुनाव जीत गई हैं। वहीं, नई दिल्ली सीट से चुनाव जीतने के बाद प्रवेश वर्मा काउंटिंग सेंटर पहुंच गए हैं। यहां उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
12:51 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Results: कालकाजी से आतिशी जीतीं
कालकाजी सीट से AAP उम्मीदवार आतिशी चुनाव जीत गई हैं। वे इस सीट से दूसरी बार जीती हैं। उन्होंने BJP के रमेश बिधूड़ी को चुनाव हरा दिया है।
12:49 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Results: आप दफ्तर में अंदर से लगा ताला
दिल्ली चुनाव में आप को निराशा हार हाथ लगी है, आप ने अपने पार्टी कार्यालय में प्रवेश पर रोक लगा दी है और अंदर से ताला लगा दिया है। सिर्फ कुछ पार्टी पदाधिकारियों को ही अंदर जाने की अनुमति है। जबकि मीडियाकर्मियों को प्रवेश करने से रोक दिया है।
12:48 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Results: आतिशी 2700 वोटों से आगे
कालकाजी सीट से BJP उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी पिछड़ गए हैं, 11वें राउंड के बाद आप उम्मीदवार और मुख्यमंत्री आतिशी 2736 वोटों से आगे हो गई हैं।
12:47 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Results: NDA की जीत पर क्या बोले मांझी?
दिल्ली में NDA की जीत पर हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रतिक्रिया दी है। मांझी ने कहा, दिल्ली तो झांकी है। बिहार अभी बाकी है। जय NDA
12:38 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया है।
‘रावण का अहंकार भी नहीं बचा था’- स्वाति मालीवाल
नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरवील की हार के बाद सोशल मीडिया पोस्ट कर स्वाति मालीवाल ने लिखा, “अहंकार रावण का भी नहीं बचा था”
12:38 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Results2025: नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल हारे
( AAP) आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए है। BJP के प्रवेश वर्मा ने यहां से जीत हासिल की है। अरविंद केजरीवाल का यह चौथा चुनाव था और वे पहली बार चुनाव हारे हैं। खबर है कि प्रवेश वर्मा की गृह मंत्री अमित शाह के साथ मीटिंग चल रही है।
अरविंद केजरीवाल को मिली हार
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर AAP के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हार गए हैं। BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा को यहां से जीत मिली है।
12:33 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result2025 : हार के बाद क्या बोले मनीष सिसोदिया?
जंगपुरा विधानसभा सीट से हार के बाद आम आदमी पार्टी उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा, “हम सब कार्यकर्ताओं ने मेहनत से चुनाव लड़ा। जंगपुरा के लोगों ने भी बहुत प्यार दिया, लेकिन हम 600 वोटों से पीछे रहे गए। मैं बीजेपी कैंडिडेट को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वो जनता की सेवा करेंगे। हमसे कहां चूक हुई, इसका विश्लेषण किया जाएगा।”
12:31 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result2025: कोंडली से जीते आप उम्मीदवार कुलदीप कुमार
कोंडली विधानसभा से आप उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने जीत दर्ज़ की। उन्होंने कहा, “ये जीत अरविंद केजरीवाल को समर्पित है। उन्होंने दूसरी बार मुझे टिकट दिया था और मैं जीत के आया हूं। आप दिल्ली में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है और अरविंद केजरीवाल चौथी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।”
12:25 PM • 08 Feb 2025
Delhi Vidhan Sabha Chunav Result: जंगपुरा की जंग हारे मनीष सिसोदिया
जंगपुरा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया को हार मिली है। इस सीट पर BJP के तरविंदर सिंह मारवाह ने 1844 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।
12:19 PM • 08 Feb 2025
Delhi Vidhan Sabha Chunav Result: 5 हजार वोट से पीछे नीतीश कुमार के उम्मीदवार
Delhi की बुराड़ी विधानसभा सीट पर 6 राउंड की काउंटिंग पूरी हुई है, जिसमें आम आदमी पार्टी के संजीव झा आगे चल रहे हैं। वहीं, जनता दल (यू) के शैलेंद्र कुमार 4964 वोटों के अंतर से पीछे हैं।
12:16 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result: ‘दिल्ली झांकी है, बिहार बाकी है’- जीतन राम मांझी
केंद्रीय मंत्री और हम प्रमुख जीतन राम मांझी ने दिल्ली में BJP की बढ़त पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, “दिल्ली तो झांकी हैं, बिहार अभी बाकी है। जय NDA”
12:14 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: Congress के पिछड़ने पर उदित राज का बयान
Congress नेता उदित राज ने कहा, “दिल्ली विधानसभा के नतीजों के रुझानों से लगता है BJP को लाभ मिल रहा है। कांग्रेस का जो वोट आम आदमी पार्टी में गया था वो कांग्रेसी सोच का था, लेकिन वो BJP में जाता दिख रहा है। इस बात को जन नायक राहुल गांधी समझ गए थे और अपने चुनावी भाषण के माध्यम में लौटाने का प्रयास किया। नेता संदेश दे सकता है जो किया। दिल्ली कांग्रेस तीसरा नैरेटिव, जो सामाजिक न्याय था, उस पर कोई काम नहीं किया। इस तरह BJP और AAP के बीच कांग्रेस लटकती दिखी। यह स्वर्णिम अवसर था पार्टी का खोया वोट वापस लाने का। शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय नेतृत्व के बीच के अंतर्द्वंद्व का फासले का नतीजा सामने आ रहा है।”
12:12 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: वीरेंद्र सचदेवा ने कार्यालय में बांटी मिठाई
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के अन्य नेता मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपने साथियों को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया है, क्योंकि दिल्ली में 27 साल का बनवास टूट रहा है।
12:11 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: संदीप दीक्षित ने मानी हार
नई दिल्ली विधानसभा सीट से Congress उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, “इस समय तो ऐसा लग रहा है कि BJP की सरकार बन रही है, 6-7 राउंड के बाद स्थिति साफ हो जाती है। ये जनता का फैसला है। हम सिर्फ इतना कह सकते हैं कि हमने मुद्दे उठाए और काफी हद तक चुनाव हमारे उठाए मुद्दों पर आधारित था। अंत में जनता जो कहेगी वह मंजूर है।”
12:09 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025 : दिल्ली के कोंडली से जीती AAP
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कोंडली सीट के नतीजे सामने आ गए हैं। कोंडली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के कुलदीप कुमार को जीत हासिल हुई है। वहीं, BJP की प्रियंका गौतम दूसरे स्थान पर आई हैं। दोनों में जीत और हार का अंतर 6293 वोटों का रहा।
12:05 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: जंगपुरा से मनीष सिसोदिया फिर पीछे
जंगपुरा सीट पर सातवें राउंड की काउंटिंग के बाद मनीष सिसोदिया फिर पीछे हो गए हैं। BJP के तरविंदर सिंह मारवाह 240 वोटों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं।
12:00 PM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: अरविंद केजरीवाल 1170 वोटों के अंतर से पीछे
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 11वें राउंड की काउंटिंग के बाद अरविंद केजरीवाल को कुल 18097 वोट मिले। BJP के प्रवेश वर्मा के खाते में अब तक 19267 वोट आए हैं. यानी अरविंद केजरीवाल 1170 वोट के अंतर से पिछड़ गए हैं।
11:52 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025 : दिल्ली में BJP कार्यकर्ताओं का जश्न
दिल्ली चुनाव में BJP जीत की ओर अग्रसर है। इस बीच दिल्ली की सड़कों पर जश्न का माहौल चल रहा है। BJP के कार्यकर्ता पटाखे फोड़ रहे हैं और नाचते-गाते हुए जश्न मना रहे हैं।
11:49 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025 : महरौली में बीजेपी आगे
महरौली विधानसभा सीट पर पांच राउंड की काउंटिंग के बाद AAP को 13445 वोट, BJP को 14331 वोट, कांग्रेस को 1672 वोट मिले हैं। BJP उम्मीदवार 886 वोट से लीड कर रहे हैं।
11:45 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: मतगणना के बीच BJP ने जारी किया पोस्टर
दिल्ली चुनाव की मतगणना के आंकड़े अब निर्णायक स्थिति में पहुंच चुके हैं। BJP बहुमत से जीत की ओर बढ़ रही है और आम आदमी पार्टी काफी पीछे हो गई है। इस बीच बीजेपी की ओर से एक पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें इंडिया गेट पर कमल खिलता दिख रहा है।
11:42 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: ताहिर हुसैन को अब तक केवल 2 हजार वोट
9 राउंड की मतगणना के बाद मुस्तफाबाद सीट से AIMIM उम्मीदवार ताहिर हुसैन को केवल 2438 वोट मिले हैं। BJP के मोहन सिंह बिष्ट 40 हजार से ज्यादा मतों के अंदर से लीड कर रहे हैं। मोहन सिंह बिष्ट को 60388 मिले हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के अदील अहमद खान को अब तक 19790 मत मिले हैं।
11:35 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया आगे
जंगपुरा सीट पर पांच राउंड की काउंटिंग के बाद मनीष सिसोदिया 3869 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। मनीष सिसोदिया को अब तक कुल 19222 वोट मिले जबकि बीजेपी के तरविंदर सिंह को 15353 वोट मिले।
11:31 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: शराब ने किया अरविंद केजरीवाल को बदनाम- अन्ना हजारे
दिल्ली चुनाव के रुझानों में आम आदमी पार्टी पिछड़ती दिख रही है। इसको लेकर अन्ना हजारे का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल को यह विश्वास दिलाना जरूरी था कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लिए काम करेंगे। मैं बार बार बताता था, लेकिन उनके दिमाग में कभी नहीं आया। शराब की दुकानों को लेकर उन्होंने मुद्दा उठाया। शराब की बात क्यों आई, क्योंकि उन्हें धन और दौलत चाहिए था। इसी शराब के कारण वो बदनाम हो गए। इसी कारण लोगों को भी मौका मिला।”
11:25 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: घोंडा सीट पर बीजेपी आगे
घोंडा विधानसभा सीट पर बीजेपी के अजय माहवार को 30340 वोट मिले हैं। वहीं, आप के गौरव शर्मा को 16599 वोट और कांग्रेस के भीष्म शर्मा को केवल 1489 सीटें मिलीं।
11:23 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result: AAP के कई बड़े चेहरे पिछड़े
आम आदमी पार्टी के लगभग सभी बड़े चेहरे पिछड़ते दिख रहे हैं। अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज, आतिशी, सोमनाथ भारती, सत्येंद्र जैन, अवध ओझा अपनी-अपनी सीटों पर बीजेपी से पिछड़ रहे हैं। केवल जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया आगे हैं, लेकिन वहां भी कांटे की टक्कर चल रही है।
11:21 AM• 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: सौरभ भारद्वाज 2271 वोटों के अंतर से पीछे
ग्रेटर कैलाश सीट से आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज भी पीछे हो गए हैं. बीजेपी की शिखा राय ने 2271 वोटों के अंतर बढ़त बनाई हुई है।
11:19 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: अरविंद केजरीवाल 450 वोट से पीछे
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आठ राउंड की काउंटिंग पूरी हो गई है। अरविंद केजरीवाल 450 वोटों से पीछे हो गए हैं और बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने एक बार फिर बढ़त बना ली है।
11:16 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025 : ‘AAP का सफाया होना चाहिए था, वही हो रहा है’- रमेश बिधूड़ी
रमेश बिधूड़ी ने कालकाजी सीट पर अपनी बढ़त को लेकर कहा, “कालकाजी का बुरा हाल था। यहां सड़कें खराब थीं, पानी गंदा था और गंदे पानी का निकास भी नहीं था। पिछले 10 साल में आप ने यहां कुछ काम नहीं किया है। दिल्ली के अंदर 10 साल में हुई अव्यवस्था को देखते हुए आम आदमी पार्टी का सफाया होना चाहिए। कांग्रेस भी अब सिमट गई है, क्योंकि दिल्ली की जनता को कांग्रेस से नफरत है।”
11:11 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: बीजेपी जीती तो सीएम चेहरा कौन?
इस सवाल के जवाब में मनोज तिवारी ने कहा, ‘थोड़ा इंतजार करिए, समय के साथ पता चलेगा क्या होता है।’ वहीं, दिल्ली में कयास लगाए जा रहे हैं बीजेपी सीएम चेहरों की रेस में खुद मनोज तिवारी सबसे आगे हैं।
11:09 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result : चांदनी चौक सीट के चुनावी रुझान में AAP आगे
तीसरे राउंड की मतगणना के बाद चांदनी चौक सीट से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी पुनरदीप शाहनी को 16,044 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस के मुदित अग्रवाल को 4460 वोट जबकि बीजेपी के सतीश जैन को केवल 1266 वोट मिले हैं।
11:04 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result: राजेंद्र नगर से दुर्गेश पाठक आगे
सातवें राउंट की काउंटिंग के बाद राजेंद्र नगर सीट से आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक आगे चल रहे हैं। BJP के उमंग बजाज ढाई हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से पीछे हैं।
11:01 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result : छठी बार विधायक बनेंगे मोहन सिंह बिष्ट?
मुस्तफाबाद सीट से बीजेपी उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट ने कहा, “शुरुआती रुझानों में प्रचंड जीत की तरफ बढ़ रहे 5 बार के बीजेपी विधायक मोहन सिंह ने एबीपी न्यूज से बात की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पद के सवाल पर कहा, “पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसे निभाऊंगा।” इस बार भी मोहन सिंह बिष्ट छठी बार प्रचंड जीत की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्होंने 24 हजार से जायदा वोटों की लीड बनाई हुई है।
10:58 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज पीछे
ग्रेटर कैलाश सीट पर चौथे राउंड की काउंटिंग के बाद बीजेपी की शिखा राय 4 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से आगे हो गई हैं। आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज यहां पर लगातार बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन फिलहाल वह पीछड़ गए हैं।
10:54 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result: जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया आगे
दूसरे राउंड के बाद जंगपुरा सीट से आप के मनीष सिसोदिया 2300 वोटों से आगे चल रहे हैं। यहां अब तक बीजेपी उम्मीदवार कांटे की टक्कर पर रहे हैं।
10:51 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result Live: कालकाजी से आतिशी पीछे
कालकाजी सीट पर चौथे राउंड की काउंटिंग के बाद रमेश बिधूड़ी 1635 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। सीएम आतिशी फिलहाल पीछे हैं।
10:45 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: जनकपुरी से आशीष सूद आगे
जनकपुरी विधानसभा सीट पर दूसरे राउंड के बाद आशीष सूद लगभग 10000 वोटों से आगे हैं। तिलक नगर से आप के जरनैल सिंह तीन राउंड के बाद 11000 वोटों से आगे हैं। मादीपुर से आपकी राखी बिड़ला 42 वोटों से आगे। मोती नगर से बीजेपी के हरीश खुराना 2000 वोटो से आगे। हरी नगर से बीजेपी के श्याम शर्मा 5000 वोटो से आगे. नांगलोई से बीजेपी के प्रत्याशी तीसरी राउंड के बाद 3000 वोटो से आगे।
10:40 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result : मोहन बिष्ट 21 हजार मतों से आगे
मुस्तफाबाद सीट से चौथे राउंड की काउंटिंग के बाद बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट 21286 मतों से आगे चल रहे हैं. वहीं AIMIM के ताहिर हुसैन पीछे हैं।
10:36 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: ‘दिल्ली बदला ले रही है’- अलका लांबा
कालकाजी से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा, “दिल्ली के दोषी हैं, उनको जनता माफ नहीं करेगी। जिसने दिल्ली का नुकसान किया, उनका नुकसान हो रहा है। दिल्ली बदला ले रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगा।”
10:34 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना
बीजेपी की बढ़त पर मनोज तिवारी ने कहा, “शुरुआती रुझान में बीजेपी को को बढ़त है. इससे भी बेहतर टैली आएगी ऐसा मेरा विश्वास है। जनता ने मोदी जी की गारंटी पर भरोसा किया है। दिल्ली का प्रत्येक तबका आम आदमी पार्टी से दूर हो गया है। आज रिजल्ट वैसा ही होगा, आप ने जिस तरह अकर्मण्यता दिखाई, भ्रष्टाचार किया, शीशमहल बनाया, जनता जवाब दे रही है। कांग्रेस अपने भविष्य को लेकर चिंतित दिख रही है।”
10:27 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: राउंड-5 की काउंटिंग में भी अवध ओझा पीछे
पटपड़गंज सीट पर पांच राउंड की काउंटिंग के बाद बीजेपी के रविंद्र सिंह नेगी आगे चल रहे हैं, 11989 मतों के अंतर से अवध ओझा पीछे हैं।
10:16 AM • 08 Feb 2025
Delhi Chunav Result 2025: ‘कांग्रेस-आप साथ होते तो बेहतर होता’- संजय राउत
दिल्ली के चुनावी रुझान पर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा, “दिल्ली में भी महाराष्ट्र पैटर्न लागू किया है। दिल्ली में जीत हासिल करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस और आप अगर साथ रहते तो अच्छा होता। कांग्रेस और आप की दुश्मन बीजेपी है। अगर कांग्रेस और आप साथ होते तो शुरुआती एक घंटे में जीत जाते।”
10:14 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: 20 सीटों पर बीजेपी 20 हजार से ज्यादा वोटों से आगे
फिलहाल, रुझान बता रहे हैं कि बीजेपी 42 सीटों पर आगे चल रही है। इनमें से 20 सीटें ऐसी हैं जिनपर बीजेपी उम्मीदवार 20 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से आगे हैं।
10:13 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: चुनाव आयोग के रुझान- BJP 42 सीटों पर आगे
चुनाव आयोग द्वारा अब तक जारी किए गए रुझानों के अनुसार, बीजेपी ने 42 सीटों पर बढ़त बनाई है जबकि आम आदमी पार्टी 27 सीटों पर आगे चल रही है।
10:10 AM • 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025: ‘अरविंद केजरीवाल को मिल रही सजा’- प्रवीण खंडेलवाल
बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “एक ओर लोगों ने बीजेपी की अन्य राज्य सरकारों के कार्यों को देखा और दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल थे जिन्होंने 10 साल तक झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं किया. दोनों की तुलना करने के बाद जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना समर्थन और वोट दिया। इसके कारण आज बीजेपी दिल्ली में अपनी सरकार बनाने जा रही है। हम दिल्ली में विकास की एक नई कहानी लिखेंगे। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को उनके किए की बड़ी सजा देने जा रही है।”
10:03 AM• 08 Feb 2025
Delhi Election Result 2025 Live: 10 बजे तक के रुझान
सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, बीजेपी 43 और आप 26 सीटों पर आगे है। कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है. यहां सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत होती है।
———————
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज नतीजों की बारी है। 19 काउंटिंग सेंटर्स पर वोटों की गिनती जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा सीट पर 5 फरवरी को मतदान कराया गया था। यहां मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP), बीजेपी और कांग्रेस के बीच है।
AAP एक दशक से सत्ता में है जो फिर से जीत की राह देख रही है। वहीं, BJP 26 वर्षों से जीत का सूखा झेल रही है और वापसी का जोर लगाए हुए हैं। कांग्रेस एक दशक से सरकार से दूर है और चुनाव प्रचार में उसने भी अपनी जीत सुनिश्चित करने की कोशिश की।
इन प्रत्याशियों की विधानसभा सीट पर हलचल तेज
राजधानी दिल्ली में कुछ सीटें ऐसी हैं जिनपर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला है। इनमें नई दिल्ली, कालकाजी, जंगपुरा, पटपड़गंज, बादली, ओखला, मुस्तफाबाद, करावल नगर और ग्रेटर कैलाश हॉट सीट है। AAP के अरविंद केजरीवाल, आतिशी, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, एआईएमआईएम के ताहिर हुसैन, BJP के रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, मोहन सिंह बिष्ट और कांग्रेस के संदीप दीक्षित और देवेंद्र यादव की सीटों पर खास चर्चा हो रही है।
एग्जिट पोल में किसे बहुमत?
एग्जिट पोल की बात करें तो टुडेज चाणक्या, चाणक्या स्ट्रैटेजी, मैट्रिज और एक्सिस माई इंडिया के सर्वे में BJP बहुमत हासिल करती हुई दिख रही है। जबकि दो एग्जिट पोल में आप को बढ़त मिल रही है। अन्य में बीजेपी और AAP के बीच कांटे की टक्कर है। कुछ सर्वे में कांग्रेस अपना खाता खोलती दिख रही है तो कुछ में उसे कोई सीट नहीं मिल रही है।
2020 का परिणाम
2020 विधानसभा चुनाव में 62.82 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। आप ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। उसने 70 में से 62 सीटें जीत ली थीं जबकि बीजेपी 10 सीटों के भीतर ही सिमट गई थी। कांग्रेस खाता नहीं खोल पाई थी।