शारदा रिपोर्टर मेरठ। जनपद मेरठ में पिछले 3 दिन से चल रही तेज हवा से मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को भी सुबह से चल रही हवा से मौसम बदला हुआ रहा। तेज हवा के कारण धूप में ठंड का अहसास हुआ। हवा की रफ्तार 10 से 15 किमी प्रति घंटा रही। जबकि, शनिवार को एकबार फिर आसमान में बादल छा गए। जिससे सर्दी का अहसास होने लगा। फरवरी माह में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले सप्ताह में अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास देखने को मिला, लेकिन 3 दिन से मौसम में बदलाव हुआ है।
हवा चलने से तापमान में कमी आई है। वहीं, सरदार पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि, तेज हवा चलने से तापमान में जरूर गिरावट आई है लेकिन ये मौसम फसलों के लिए नुकसानदायक है। शुक्रवार को मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरवरी महीने में भी गर्मी का अहसास बेहद बढ़ता जा रहा है। तेज धूप निकलने से तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को पारा 26 डिग्री को पार कर गया। अगले तीन-चार दिनों तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। वहीं, सरदार पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि फरवरी में इतना तापमान सही नहीं है। इससे फसलों को नुकसान हो सकता है।
रविवार को मौसम अन्य दिनों की तुलना में गर्म रहा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस व रात का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा की रफ्तार धीमी होने से तापमान बढ़ा है, जो ठीक नहीं है। ऐसा ही रहा तो तापमान जल्दी ही 30 डिग्री तक पहुंच जाएगा।