शारदा रिपोर्टर मेरठ। नगर निगम द्वारा गृहकर वसुली के लिए लगातार कैंप लगाकर और प्रचार प्रसार कर जमा करने की अपील की जा रही है, इसके साथ ही बडे और पुराने बकायदारों पर सीलिंग की कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार को निगम की टीम द्वारा मिलांज मॉल स्थित होटल आइसलैंड और हाईवे स्थित जैन शिकंजी पर भी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही एक अन्य मंडप संचालक ने मौके पर ही पैसा चुकाकर सीलिंग की कार्रवाई से खुद को सुरक्षित किया।

मुख्य कर निर्धारक एसके गौतम ने बताया कि गृहकर वसूली को लेकर रोजाना सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है, इसी क्रम में हम लगातार कार्य कर रहे हैं। छुट्टी है दिन भी हमारी पूरी टीम कार्य कर रही है 31 मार्च तक की छुट्टियां भी हमने गृह कर वसूली के चलते कैंसिल कर दी है। होटल आइसलैंड को सील करना आज की सबसे बड़ी कार्यवाही रही क्योंकि मिलांज माल मोदीपुरम पर 3.19 करोड़ का टैक्स निगम का है।
मुख्य कर निर्धारक ने बताया कि 150 करोड़ का लक्ष्य हमें वसूली का दिया गया था जिसको हम पूरा करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस लक्ष्य को पाने के लिए हमें निगम के अन्य विभागों ,जनप्रतिनिधियों, पार्षदों के साथ-साथ सभी का पूरा सहयोग मिल रहा है हमें उम्मीद है जल्द हम यह लक्ष्य पूरा कर लेंगे। सीलिंग की कार्रवाई को लेकर कई जगह विवाद भी हो रहे हैं, इसके चलते नगर आयुक्त द्वारा परवर्तन दल की टीम को भी सीलिंग कार्रवाई में जाने वाली टीम के साथ भेजा जा रहा है। ताकि किसी भी बात की स्थिति में कार्रवाई करने में आसानी रहे।

