Saturday, June 7, 2025
Homeउत्तर प्रदेशMeerutMeerut: ईदगाह से शिक्षा और भाईचारे का संदेश, सड़क पर नहीं हुई...

Meerut: ईदगाह से शिक्षा और भाईचारे का संदेश, सड़क पर नहीं हुई नमाज, पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट

  • शिक्षित बनों और खुदा की इबादत करो: शहर काजी डॉ. जैनुस सालिकिन

शारदा रिपोर्टर मेरठ। ईद की नमाज से पहले शहर काजी डॉ. जैनुस सालिकिन ने शिक्षा, भाईचारा, स्वच्छता और ईमानदारी का संदेश दिया। उन्होंने दुनियावी तालीम की अहमियत पर जोर देते हुए ब्याज को हराम बताया। शहर काजी डॉक्टर जैनुस सालिकिन ने कहा कि हमारी कौम दुनियाबी तालीम में काफी पीछे है। दीनी तालीम के साथ-साथ दुनियाबी तालीम भी तरक्की के लिए बेहद जरूरी है। यह संदेश शहर काजी ने दिल्ली रोड स्थित शाही ईदगाह से ईद की नमाज पढ़ने से पहले दिया उन्होंने कहा कि शिक्षा के मार्ग से ही मुसलमानों को उनका हक और अधिकार मिलेगा। भारत हमारा मुल्क है इसमें आपसी भाईचारे के साथ रहने का काम किया जाए।

 

उन्होंने कहा कि हिंदू हमारे भाई हैं और सगे भाई जैसी भूमिका के साथ हमें देश में रहना है। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को अपने शहर की स्वच्छता पर भी ध्यान रखना है। कुबार्नी करने के बाद अवशेष सड़कों पर खुले में नहीं फेंकने हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे यहां ब्याज लेना और देना हराम है। कुछ लोग ब्याज पर ही मोबाइल आदि सामान खरीद रहे हैं, कृपया वे ऐसा न करें। केवल और केवल ईमानदारी के साथ रोजगार करने और आपसी भाईचारे को कायम रखने के लिए कम करें।

उन्होंने अपने पड़ोसी के प्रति अच्छा व्यवहार करने और उसका सदैव ध्यान रखने का भी संदेश दिया। इसके बाद शहर काजी ने नमाज पढ़ाई। उधर कारी सफीक उर रहमान ने भी तकरीर करते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दिया। शहर की शाही ईदगाह और अन्य ईदगाह और मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज संपन्न हुई।

 

 

शाही ईदगाह में आज सुबह सात बजे नमाज अदा की गई। यह पहला मौका था, जब सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी गई। ईद की नमाज पहली बार शहर काजी डॉ. जैनुस सालिकिन सिद्दीकी ने अदा करवाई। ईद की नमाज के बाद शहरकाजी डॉ. जैनुस सालिकिन सिद्दीकी ने सभी से अपील करते हुए कहा कि, कोई भी खुले में कुबार्नी न करें। गली-मोहल्लों में कुबार्नी के बाद पशुओं के अवशेष और गंदगी न फैलाएं। नगर निगम अफसरों से मुस्लिम इलाकों में साफ-सफाई कराने, कूड़ा उठवाने की अपील की। बिजली-पानी की पर्याप्त व्यवस्था की मांग अफसरों से की गई।

वहीं शाही ईदगाह में ईद की नमाज को लेकर नगर निगम की टीम ने स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा। सुबह पांच बजे ही सफाई कर्मचारियों ने ईदगाह के आसपास सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने ईदगाह के आसपास घूमने वाले कुत्तों को जाल के माध्यम से पकड़ा और परतापुर स्थित शेल्टर हाउस में भिजवाया।

उधर, कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित गांव सिंघावली में ईदगाह पर नमाज अदा के दौरान गांव सिंघावली और आसपास क्षेत्र के सभी लोग नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। ईदगाह में कारी अहमद साहब ने नमाज अदा कराई। उसके बाद उन्होंने सभी से देश की अमन शांति के लिए दुआ कराई और सभी से कहा कि सभी शांतिपूर्ण भाईचारे से ईद का त्यौहार मिलजुल कर बनाएंगे। नमाज अदा करने के बाद सभी लोगों ने ईद के बाहर एक दूसरे को ईद की बधाई दी और एक दूसरे को गले लगाया।

 

 

वहीं, सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली रोड स्थित शाही ईदगाह पर खुद कमिश्नर ऋषिकेश यशोदा भास्कर, डीआईजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम डा वीके सिंह, एसएसपी डा विपिन ताडा, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा के अलावा पुलिस प्रशासनिक अधिकारी पल पल की जानकारी लेते रहे।

 

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

164 ईदगाह और 515 मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। सुरक्षा के मद्देनजर जिले को दो जोन और आठ सेक्टर में बांटा गया। जबकि, मिश्रित आबादी में पुलिस तैनात की गई। वहीं, शाही ईदगाह और जामा मस्जिद पर भी ड्रोन से निगरानी की गई। इस दौरान एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि शहर में 66 सब इंस्पेक्टर, तीन एडिशनल एसपी, चार डिप्टी एसपी, 22 इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल 148, दो कंपनी आरएएफ, एक कंपनी पीएसी ईदगाह पर लगाई गई है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर नमाज न होने दें।

 

भारी वाहनों पर रही रोक

उधर, शाही ईदगाह में नमाज को लेकर सुबह पांच बजे के बाद ईदगाह की तरफ आने वाले भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई। ईदगाह की तरफ सुबह पांच बजे के बाद भारी वाहनों के जाने पर रोक रही। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि दिल्ली रोड पर जली कोठी और फुटबॉल चौराहे पर बेरिकेडिंग कर भारी वाहनों को रोका गया था, जबकि, हल्के वाहन चलते रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस के जवानों की शहर में 38 प्वाइंटों पर ड्यूटी लगाई गई है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

ताजा खबर

Recent Comments