– सिंदूर और माला देख नीचे उतरी।
गोरखपुर। ‘मेरी शादी बॉयफ्रेंड से कराओ, वरना पानी की टंकी से कूदकर जान दे दूंगी। उसके बिना मैं नहीं जी सकती हूंङ्घ।’ शुक्रवार को झंगहा इलाके में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां एक 15 साल की लड़की 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी।

इसके बाद टंकी के नीचे सैकड़ों लोग इकट्ठे हो गए। लड़की को समझाकर नीचे उतारने का कोशिश करने लगे। जब वह मानने को नहीं तैयार हुई, तो पुलिस को बुलाया गया। इसके बाद भी लड़की नीचे नहीं उतर रही थी। फिर उसे यकीन दिलाने के लिए सिंदूर, माला और शादी के अन्य सामान मंगवाया गया।
लड़के से शादी करवाने की शर्त पर उसे नीचे उतारा गया। नीचे आने के बाद छोटी उम्र में शादी नहीं करने के लिए पुलिस उसे समझाने लगी। पुलिसवालों की बात सुनकर लड़की फिर टंकी पर चढ़ने के लिए भागने लगी। लेकिन, पुलिसवालों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
उसके बाद पुलिस लड़की और बॉयफ्रेंड को थाने ले गई। वहां लड़की को समझा-बुझाकर घरवालों के हवाले कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक यह ड्रामा चला। मामला झंगहा इलाके का है।

