हस्तिनापुर। क्षेत्र के मखदुमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए चार युवक गंगा में डूब गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका।

जानकारी के अनुसार, थाना लावड़ क्षेत्र के जलालपुर गांव के कुछ लोग अंतिम संस्कार के लिए मखदुमपुर गंगा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद वहां मौजूद कुछ युवक गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब पांच युवक गंगा में डूबे थे, जिनमें से एक युवक को साथियों ने किसी तरह बचा लिया, जबकि चार युवक लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने प्रशासन से गोताखोरों और फ्लड कंपनी की टीम बुलाकर जल्द से जल्द युवकों की तलाश कराने की मांग की है।
हालांकि, अभी तक कोई उच्च अधिकारी या विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि लापता युवकों की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।
जानकारी के अनुसार, डूबने वालों में अभिषेक, हिमांशु 17 वर्ष, दीपांशु 15 वर्ष, प्रियांशु 17 वर्ष निवासी जलालपुर थाना इंचोली शामिल है।

