– गाय बचाने में कार टकराई, चार युवक घायल, जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे।
इटावा। भरथना कस्बा में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मकान में घुस गई। बिधूना से जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर लौट रहे पांच युवक सड़क पर अचानक गाय आ जाने से हादसे का शिकार हो गए। कार ने बिजली के पोल, सरकारी हैंडपंप और दुकानों के टटर तोड़ते हुए मकान में प्रवेश किया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना भरथना कस्बा के मुहल्ला मंदिर दानसहाय मोड़ के पास हुई। बताया गया कि हुंडई अल्काजार कार तेज रफ्तार में थी। अचानक सड़क पर गाय आने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल, सरकारी हैंडपंप और चार दुकानों के टटर तोड़ते हुए मकान में जा घुसी।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद सूर्यांश और पंकज को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सूर्यांश और पंकज की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल इटावा रेफर किया गया। रास्ते में ही सूर्यांश की मौत हो गई, जबकि पंकज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सैफई पीजीआई रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

