– 450 ग्राम सोना, डेढ़ लाख नकद और चांदी के आभूषण लूटे।
हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के गोपामऊ कस्बे के पास सरार्फा कारोबारी सर्वेश रस्तोगी और उनके बेटे गौरव रस्तोगी से सरेराह लूट की वारदात हुई। दो बाइकों पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने पिता-पुत्र का पीछा किया और उन्हें रोक लिया। एक बदमाश ने गौरव की कनपटी पर तमंचा तान दिया, जबकि अन्य ने सर्वेश रस्तोगी के सिर पर तमंचे की बट से हमला किया।

बदमाशों ने बाइक की डिग्गी में रखा लगभग 450 ग्राम सोना, डेढ़ लाख रुपये नकद और कुछ चांदी के आभूषण झपट लिए। इसके बाद वे फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गौरव रस्तोगी ने बताया कि लूटी गई ज्वेलरी में कुछ उनके घर की, कुछ दुकान की और कुछ अन्य दुकानदारों से प्राप्त की हुई थी। पिता-पुत्र ने ज्वेलरी बचाने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों की संख्या और आक्रामकता के सामने वे असहाय रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। एसपी के निर्देश पर एडिशनल एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह, सीओ सिटी अंकित मिश्रा और सीओ हरियावां अजीत चौहान की देखरेख में 6 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें बदमाशों की तलाश में पूरे जिले में दबिश दे रही हैं।
घटना के बाद इलाके में खौफ का माहौल फैल गया और सरार्फा कारोबारियों में गहरा आक्रोश देखा गया। पुलिस ने गौरव की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दिया है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। इस लूट ने इलाके की कानून-व्यवस्था और सराफा कारोबारियों की सुरक्षा पर सीधे सवाल खड़े कर दिए हैं।

