– बच्ची चोरी कर गोमती एक्सप्रेस में चढ़ा, अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर देर रात यात्री ने की थी कॉल।
अलीगढ़। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देर रात गाजियाबाद से डेढ़ साल की मासूम बच्ची को चोरी कर भाग रहे आरोपी को जीआरपी ने दबोच लिया। आरोपी हाथरस का रहने वाला है और बच्ची को ट्रेन में लेकर भाग रहा था। यात्रियों की सूझबूझ और रेलवे हेल्पलाइन की मुस्तैदी से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया।

बाराबंकी के दरियाबाद निवासी राहुल गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। गुरुवार दोपहर वह अपनी पत्नी अंजू और चार बच्चों के साथ घर जाने के लिए गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
राहुल अपनी पत्नी के पास बच्चों को छोड़कर पानी लेने गए थे। इसी दौरान हाथरस के सिकंदराराऊ निवासी धर्मेंद्र शर्मा मौका पाकर डेढ़ साल की बच्ची लाडो को उठाकर भाग गया। इसके बाद गोमती एक्सप्रेस के जनरल कोच में चढ़ गया।
ट्रेन में एक अनजान व्यक्ति के पास बच्ची को बिलखता देख यात्रियों को शक हुआ। किसी यात्री ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर इसकी सूचना दी। मैसेज मिलते ही अलीगढ़ जीआरपी सक्रिय हो गई और जैसे ही ट्रेन अलीगढ़ पहुंची आरोपी धर्मेंद्र को बच्ची के साथ दबोच लिया गया।
जीआरपी इंस्पेक्टर संदीप तोमर ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र शर्मा बार-बार बयान बदल रहा है। उसने पूछताछ में कहा कि उसका एक बेटा है, लेकिन बेटी नहीं थी, इसलिए उसने बच्ची को उठाया। हालांकि पुलिस मामले की जांच मानव तस्करी के एंगल से भी कर रही है। देर रात आरोपी को गाजियाबाद क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया गया।
बच्ची के गायब होने के बाद माता-पिता बदहवास हो गए। पिता राहुल बच्ची को ढूंढते हुए ट्रेन से टूंडला की ओर निकल गए, जबकि मां दिल्ली की तरफ गईं। जब राहुल को अलीगढ़ में बच्ची मिलने की सूचना मिली तो वे थाने पहुंचे। वहां मासूम लाडो ने पिता को देखते ही पहचान लिया और उनसे लिपट गई। यह मंजर देख थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम हो गई।

