सहारनपुर। प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह मामला थाना कोतवाली देहात क्षेत्र का बताया जा रहा है।
गोपाल नगर, नुमाइश कैंप निवासी सुशील जुनेजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2019 में बेहट रोड स्थित आर्य नगर इलाके में एक प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। यह सौदा धर्मपाल नामक व्यक्ति से कराया गया था, जिसमें विनीत चौधरी और सुबोध कुमार बिचौलिये के तौर पर शामिल थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित के अनुसार, 155 वर्ग गज के प्लॉट का सौदा 18 हजार रुपये प्रति वर्ग गज की दर से तय हुआ था। सुशील जुनेजा ने आरोपियों को पहले एक लाख रुपये बयाना के तौर पर दिए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस और नकद के माध्यम से लाखों रुपये का भुगतान किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि कुल भुगतान लेने के बाद धर्मपाल ने केवल 56.88 वर्ग गज जमीन का बैनामा उनके नाम किया। शेष 97.79 वर्ग गज जमीन का बैनामा बिना उनकी जानकारी के अर्जुन शर्मा के नाम करा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनके द्वारा किए गए आरटीजीएस ट्रांजेक्शन का इस्तेमाल कर यह बैनामा कराया, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।
जब पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने आरोपियों से विरोध जताया। इस पर आरोपियों ने उन्हें दूसरा प्लॉट देने का वादा किया और अधिक कीमत का हवाला देकर उनसे और पैसे ले लिए। आरोप है कि अर्जुन शर्मा ने मोबाइल ट्रांसफर के जरिए एक लाख पच्चीस हजार रुपये और अन्य रकम भी ली।
काफी समय तक चक्कर कटवाने के बावजूद आरोपियों ने न तो दूसरा प्लॉट दिया और न ही पैसे वापस किए। पीड़ित का आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी भी देते हैं।
इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धर्मपाल सैनी, अर्जुन शर्मा, विनीत चौधरी और सुबोध कुमार नामक चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।