– दो गुटों के बीच चले बेल्ट, जमकर धक्कामुक्की, पुलिस बोली वीडियो पर एक्शन लेंगे।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। आईआईएमटी विवि के गेट पर छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। इसमें छात्र आपस में जमकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं जबकि आसपास मौजूद लोग घटना का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि यह वीडियो कब का है इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस दोनों ही मामले की जांच में जुटे हैं।

पूरा मामला आईआईएमटी विश्वविद्यालय के गेट के पास का है। छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के छात्र आपस में हाथापाई और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान आसपास मौजूद लोग घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि फिलहाल विश्वविद्यालय के गेट के बाहर ऐसी किसी ताजा घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पुराना भी हो सकता है, लेकिन मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं गंगानगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कब का है और इसमें शामिल छात्र कौन हैं। फिर कार्रवाई करेंगे।
शुक्रवार को भी छात्रों का मारपीट का एक दूसरा वीडियों 27 सेकंड का भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में छात्रों की भीड़ काली पैंट और सफेद कुर्ता पहने युवक को दौड़ा रही है। इस दौरान छात्र पकड़कर उसे पीटते हैं। इस दौरान अफरा-तफरी मच जाती है और कुछ छात्राएं भी भागते नजर आती हैं।
यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र मुख्य ब्लॉक के ठीक सामने होली खेल रहे थे। इन छात्रों की अच्छी खासी भीड़ जमा थी। इसी दौरान एक मुस्लिम छात्र वहां से निकला। बताया जाता है कि उसने होली खेल रहे छात्रों को रोककर वहां से निकलने का प्रयास किया, जिसमें उसकी नोंकझोंक हो गई। विरोध करना इस छात्र को भारी पड़ा और उससे हाथापाई कर दी गई।
छात्रों के बीच मारपीट का लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।


