दानापुर। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने चुनावी रैली में कहा कि बिहार में विकास की इस नई प्रतिस्पर्धा को बाधित करने के लिए राजद, कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के इंडी गठबंधन ने फिर से शरारत शुरू की है और वह है ‘विकास बनाम गुर्गे’ की बहस। यहां पर राजद और कांग्रेस ने गुर्गे को लेकर एक नई बहस शुरू कर दी है। क्या उन्हें फर्जी मतदान करने का अधिकार दिया जाना चाहिए? क्या यहां पर विदेशी घुसपैठियों को आकर बिहार के दलितों, गरीबों और नागरिकों के अधिकार पर डकैती करने की छूट देनी चाहिए?
योगी आदित्यनाथ ने कहा उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध केवल एक संबंध नहीं है, एक साझी विरासत है। एक आत्मा का संबंध है, एक संस्कृति का संबंध है और एक संकल्प का भी संबंध है। यह संबंध उसी प्रकार से अटूट है जैसे भगवान राम और मां जानकी का संबंध अटूट है। डबल इंजन की सरकार बिहार में फिर से स्थापित हो और डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बिहार की विकास गति तेजी से आगे बढ़ती दिखाई दे। जो कार्य पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने कर दिखाया है, वह गति इसी प्रकार से बनी रहे, इसके लिए अपने बिहार के बहनों-भाईयों का आह्वान करने के लिए आज मैं यहां आया हूं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में राम मंदिर बन चुका है। अयोध्या में भö रामलला के दर्शन कर रहे हैं। वहीं, बिहार में मां जानकी का मंदिर बन रहा है। दानापुर से रामकृपाल यादव को टिकट दिया गया है। योगी आदित्यनाथ यहां उनके समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। इसके बाद वह बिहार में ही दूसरी रैली भी करेंगे। योगी ने कहा कि उन्हें पुराने साथी रामगोपाल यादव के कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। वह इससे बेहद खुश हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार में अब अपहरण उद्योग नहीं चलता है। आरजेडी के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले यहां जंगलराज हुआ करता था। उस समय यहां के युवा पलायन के लिए मजबूर थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आरजेडी ने खुद को कांग्रेस के पास गिरवी रख दिया है।