– दो सगे भाइयों समेत चार दादी के अंतिम संस्कार में आए थे, तीन किमी दूर मिला पार्थिव शरीर।
– जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना दी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। हस्तिनापुर में गंगा नदी में डूबे चार भाइयों की तलाश में चलाए जा रहे रेस्क्यू आॅपरेशन में चौथे युवक हिमांशु (18 वर्ष) का शव भी बरामद कर लिया गया है। उसका पार्थिव शरीर डूबने वाले स्थान से करीब तीन किलोमीटर दूर मिला। इसके साथ ही अब चारों भाइयों के शव मिल चुके हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने रविवार को हिमांशु का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया। जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने गंगा घाट पर पहुंचकर शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना दी।

राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि प्रदेश सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है और हर प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय टीमों ने सर्च अभियान में कड़ी मेहनत की।
एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी ने जानकारी दी कि प्रत्येक परिवार को आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। चार युवकों में से तीन के शव पहले ही बरामद हो चुके थे, जबकि हिमांशु की तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं।
घटना के बाद शनिवार रात पहली बार बड़े स्तर पर रात्रि सर्च आॅपरेशन चलाया गया। जनरेटर से रोशनी का प्रबंध कर रात करीब 9 बजे तक अभियान जारी रहा। इससे पहले गंगा में डूबने की घटनाओं में शाम होते ही सर्च रोक दिया जाता था।
शनिवार सुबह से ही एक कंपनी पीएसी के जवान, एनडीआरएफ के 31 जवान, 5 मोटरबोट और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त अभियान चलाया था। डूबने के दूसरे ही दिन तीन युवकों के शव मिल गए थे। जानकारों का कहना है कि गंगा में ऐसी घटनाओं में या तो तुरंत शव मिल जाते हैं या एक दिन बाद।

