शारदा रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जिंजाना गांव की रहने वाली ममता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जान से मारने की कोशिश करने, मारपीट करने और गाली-गलौज के गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा है।

पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह चरन सिंह निवासी महेशपुरा, निकट पेट्रोल पंप, बुलंदशहर रोड, हापुड़ के पुत्र बुद्धप्रकाश से 24 जून 2005 को हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति व उसके परिवार के लोग अप्रिय व्यवहार करते रहे। पीड़िता का कहना है कि समय-समय पर उसे मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी जाती थी।
पीड़िता के अनुसार, घटना 18 नवंबर की है, जब वह अपने भाई के घर ग्राम जिंझाना, थाना कंकरखेड़ा मेरठ आई हुई थी। इसी दौरान पीड़िता के जेठ बुद्धप्रकाश, जेठानी डॉली उर्फ दीपिका, देवर विनोद, तथा मेहता उर्फ नन्दे वहां पहुँचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया, गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले में पीड़िता के मुंह, दांत व शरीर पर कई चोटें आईं। उसकी चीख-पुकार सुनकर भी किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की।
पीड़िता का आरोप है कि उसका जेठ बुद्धप्रकाश समाजवादी पार्टी का नेता होने के कारण गुंडई करता है और पुलिस भी उसके दबाव में रहती है, इसलिए उसकी कोई सुनवाई नहीं होती। पीड़िता ने कहा कि वह कई बार पुलिस चौकी और थाने गई, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पीड़िता ममता ने एसएसपी से मांग की है कि ससुराल पक्ष के सभी नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए।


