भरत मिलाप देखने जाते समय दो बाइक टकराई, चचेरे भाई समेत तीन की हालत गंभीर
जौनपुर। सड़क हादसे में स्टेट खिलाड़ी की मौत हो गई। वह बुधवार रात करीब 11:30 बजे वे भारत मिलाप देखने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने स्टेट खिलाड़ी को मृत घोषित कर दिया। जबकि चचेरे भाई समेत 3 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खिलाड़ी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खिलाड़ी मां-बाप का इकलौता बेटा था। घटना जिला मुख्यालय से 27 किलोमीटर दूर सिकरारा थाना क्षेत्र की है।
लाजीपार के रहने वाले लल्लू सरोज (48) सूरत की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी आशा देवी, तीन बेटियां रंजना, पूजा और प्रीति और एक बेटा धरम सरोज (22) था। तीन बेटियों में से एक की शादी हो चुकी है। धरम स्टेट लेवल के खो-खो खिलाड़ी थे और परिवार के इकलौते बेटे थे।
धरम बुधवार रात अपने चचेरे भाई सूरज के साथ भारत मिलाप देखने मछलीशहर जा रहे थे। मछलीशहर-अरुआवा मार्ग पर अरुआवा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में धरम की मौत हो गई, जबकि सूरज और दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। दूसरी बाइक के तीनों सवारों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। सूरज को इलाज के लिए मछलीशहर ले जाया गया, जबकि पुलिस ने धरम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के इकलौते बेटे को खोने से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिला स्तर से स्टेट टीम तक बनाई पहचान
धरम ने वर्ष 2015 में जिला स्तर पर खो-खो खेलना शुरू किया था। वर्ष 2018 में उनका चयन उत्तर प्रदेश की स्टेट टीम में हुआ। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई मुकाबलों में जीत हासिल की। वह जनता इंटर कॉलेज में अभ्यास करते थे। धरम का चयन 57वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला-पुरुष खो-खो चैंपियनशिप-2025 के लिए भी हुआ था। जिसमें मेडल हासिल किया था। यह प्रतियोगिता 31 मार्च से 4 अप्रैल 2025 तक ओडिशा में आयोजित की गई थी।
बेहद होनहार खिलाड़ी था
कोच गुलाब चंद्र यादव ने बताया कि धरम बेहद होनहार खिलाड़ी थे। उन्होंने जिला स्तर से शुरूआत कर प्रदेश स्तर तक अपनी पहचान बनाई और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। उनके निधन से खेल जगत को क्षति पहुंची है। सिकरारा थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि रात में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

