HomeCRIME NEWSखेत पर गए दंपती के शव सड़क किनारे मिले

खेत पर गए दंपती के शव सड़क किनारे मिले

-

महिला के पैर में जंगली जानवर के खाने के निशान, खेत में सिंचाई करने गए थे


अम्बेडकरनगर। खेत की सिंचाई करने गए पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार रात खेत पर गए दंपती के शव सोमवार सुबह सड़क किनारे खेत में पड़े मिले। एक साथ दो मौतों की खबर से गांव में हड़कंप मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पूरा मामला जिला मुख्यालय से 28 किमी दूर के मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव का है।

जानकारी के अनुसार, आजनपारा गांव निवासी बिशुनलाल (40) रविवार रात करीब नौ बजे अपनी पत्नी द्रोपदी (38) के साथ खेत की सिंचाई करने गए थे। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में दोनों के शव पड़े देखे। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मालीपुर पुलिस पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। रात में खेत पर गए दंपती की सुबह मौत की खबर सामने आने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मिल सकेगा।

क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका प्रतीत हो रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

मृतक दंपती के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। माता-पिता की एक साथ मौत से चारों बच्चों के सिर से साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

[td_block_social_counter custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_4" header_color="#ea2e2e" f_header_font_family="522" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_style="italic" f_header_font_size="eyJsYW5kc2NhcGUiOiIxNSIsInBvcnRyYWl0IjoiMTQifQ==" youtube="#" style="style10 td-social-boxed td-social-colored" tdc_css="eyJwaG9uZSI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzIiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBob25lX21heF93aWR0aCI6NzY3fQ==" facebook="#" manual_count_facebook="14000" manual_count_youtube="6000"]

Latest posts