दो महिलाएं गंभीर घायल, झपकी आने से हादसा, अंबेडकर नगर जा रहा था परिवार
कानपुर। बिल्हौर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में कार चालक और एक महिला की मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कार सवार एक युवक बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चालक और महिला को मृत घोषित कर दिया।
अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर सलेमपुर निवासी अंकित पुत्र काशीराम ने बताया कि वह राजस्थान के रेवाड़ी में निजी नौकरी करते हैं। वह अपनी मौसी करिश्मा (20), उनकी सास टगोरी बालादास (56), उनकी बेटी सोना (18) के साथ अंबेडकर नगर स्थित अपने घर जा रहा था। उसने कार किराए पर ली थी, उसे राजस्थाना का ड्राइवर मुनेंद्र उर्फ मुन्ना (50) चला रहा था।
हादसा सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-216 पर ईशन नदी पुल के पास हुआ। कार लखनऊ की ओर जा रही थी। बताया गया कि चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे यूपीडा सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में राजस्थान के धारूहेड़ा थाना क्षेत्र की गोयल कॉलोनी महेश्वरी निवासी चालक मुनेंद्र उर्फ मुन्ना और बिहार के कटिहार जिले की बंगरोरा बारसोई निवासी टगोरी बालादास की मौत हो गई। करिश्मा और सोना गंभीर रूप से घायल हो गईं। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को परिजनों के कहने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। अंकित हादसे में सुरक्षित बच गए।
थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटवाकर सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।