सेलीना जेटली ने बयां की पति के टॉर्चर की दास्तां
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सेलीना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी में मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। आॅस्ट्रियाई कारोबारी पीटर हाग से अलग होने के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानियों और तलाक से जुड़े विवाद को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं। अपनी हालिया पोस्ट में सेलीना ने आरोप लगाया कि उन्होंने बच्चों की खातिर पति से आपसी सहमति से अलग होने की गुहार लगाई थी, लेकिन उन्हें ऐसा करने का मौका नहीं मिला। अभिनेत्री ने यह भी दावा किया कि उन्हें कानूनी खर्च उठाने के लिए क्लीनर का काम करने तक की सलाह दी गई। सेलीना ने अपनी पोस्ट में बच्चों से दूरी, संपत्ति से जुड़े विवाद और कस्टडी की लड़ाई का भी जिक्र किया। उन्होंने लारा दत्ता और डिंपी गांगुली समेत कई लोगों को अपने मातृत्व और परिवार के प्रति समर्पण का गवाह बताया है।
सेलीना ने अपनी पोस्ट में बीते एक साल की घटनाओं को याद किया। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को वह एक सूटकेस लेकर मुंबई पहुंची थीं। उनके मुताबिक सूटकेस में जरूरी दस्तावेज, उनकी दिवंगत मां की साड़ियां और कई भावनात्मक यादें थीं। अभिनेत्री ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे कठिन फैसला बताया। सेलीना के दावे के अनुसार सितंबर 2025 की शुरूआत में उन्हें लगा था कि पति पीटर हाग उनकी 15वीं शादी की सालगिरह के लिए कोई तोहफा देने वाले हैं। लेकिन जब वह पोस्ट आॅफिस पहुंचीं तो उन्हें तलाक का नोटिस मिला। अभिनेत्री ने लिखा कि इस घटना ने उन्हें भावनात्मक रूप से तोड़ दिया। इसके बाद दोनों के बीच अलगाव और कानूनी विवाद शुरू हो गया। सेलीना ने दावा किया कि तलाक से जुड़ी पहली सुनवाई के दौरान जज ने दोनों को नवंबर तक आपसी सहमति से अलग होने का रास्ता तलाशने का समय दिया था। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने पति से बच्चों के भविष्य और परिवार की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अलग होने की अपील की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि जब उन्होंने कानूनी लड़ाई का खर्च उठाने में परेशानी की बात कही, तो उन्हें अपने वकीलों से बात करने के लिए कहा गया। सेलीना का दावा है कि उनसे यह भी कहा गया कि पैसे कम पड़ने पर वह क्लीनर का काम कर सकती हैं। अभिनेत्री ने सवाल उठाया कि 15 साल की शादी और चार बच्चों के बाद क्या उनका रिश्ता इसी मोड़ पर पहुंचना था।