HomeCRIME NEWSतेरहवीं से लौट रहे हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या

तेरहवीं से लौट रहे हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या

-

दो महीने पहले जेल था छूटा था, हत्या के प्रयास सहित 11 मुकदमें थे दर्ज, मई में शादी तय थी


जौनपुर। हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात वह पिता के साथ तेरहवीं कार्यक्रम से घर लौटा था। तभी दोस्त का फोन आने पर पिता से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर चला गया। रात करीब एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह घायल अवस्था में पड़ा है।

परिजन मौके पर पहुंचे तो हिस्ट्रीशीटर के सीने में गोली लगी थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। मामला केराकत कोतवाली क्षेत्र का है।

बलाईपुर बैरगिया गांव में पतिराम पाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा गुलाब पाल (30) हिस्ट्रीशीटर था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी मई में तय थी। पुलिस के अनुसार, वह करीब दो महीने पहले जेल से छूटकर आया था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत 11 मुकदमे दर्ज थे।

सोमवार शाम गुलाब अपने पिता के साथ गांव में आयोजित तेरहवीं के कार्यक्रम में गया था। रात में घर लौटते समय उसके दोस्त का फोन आया। इसके बाद वह पिता को रास्ते में छोड़कर दोस्त से मिलने चला गया। उसने जल्द लौटने की बात कही थी। रात करीब एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि गुलाब पंचायत भवन के पास घायल पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर रूप से घायल था। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई।

पुलिस गुलाब को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) केराकत ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सीने में गोली लगी थी। सूचना पर केराकत कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पांच थानों की पुलिस फोर्स भी पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक और सर्विलांस टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।

मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि रात करीब एक बजे पड़ोसी गांव के सबलू ने फोन कर गुलाब के घायल होने की जानकारी दी थी। पूछने पर सबलू ने बताया कि उसे गुलाब के दोस्त ने घटना के बारे में बताया था। परिजनों के अनुसार, धर्मू ने उनके घर फोन नहीं किया था। पुलिस सूचना मिलने की परिस्थितियों और घटनाक्रम की कड़ियों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, गांव में गुलाब की कई लोगों से दुश्मनी थी। इसी आधार पर आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। वारदात के समय घटनास्थल पर कौन मौजूद था और हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने मामले में चार लोगों को चिह्नित किया है। घटनास्थल पर सबसे पहले सूचना देने वाले व्यक्ति के वहां से चले जाने के पहलू की भी जांच की जा रही है। सीओ केराकत गिरेन्द्र कुमार ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से बलाईपुर गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह कोतवाली प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे। गुलाब को सीएचसी केराकत ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीओ ने बताया कि फॉरेंसिक और सर्विलांस टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

[td_block_social_counter custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_4" header_color="#ea2e2e" f_header_font_family="522" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_style="italic" f_header_font_size="eyJsYW5kc2NhcGUiOiIxNSIsInBvcnRyYWl0IjoiMTQifQ==" youtube="#" style="style10 td-social-boxed td-social-colored" tdc_css="eyJwaG9uZSI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzIiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBob25lX21heF93aWR0aCI6NzY3fQ==" facebook="#" manual_count_facebook="14000" manual_count_youtube="6000"]

Latest posts