दोस्त के साथी बाइक से जा रहा था, मानगढ़ी मोड़ के पास हुआ हादसा
मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र में गुरुवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे मानगढ़ी रोड पर मानगढ़ी मोड़ के पास हुआ। बाइक पर दो युवक सवार थे। हादसे में दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान कोलाना गांव निवासी पवन (28) पुत्र धर्मवीर के रूप में हुई है। वहीं, इसी गांव के अशोक पुत्र ग्यानी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के मुताबिक बाइक अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ।
हादसे की सूचना रात करीब 10:05 बजे पुलिस को मिली। बाजना कट चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी नौहझील भेजा। यहां से दोनों को जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया।
बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र तोमर ने बताया कि हादसे के बाद बाइक को सड़क से हटाकर किनारे खड़ा करा दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित न हो। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई और यातायात भी सुचारू रहा।
मृतक के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। पवन की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अशोक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।