100 फीट की ऊंचाई से मंदिर को बचा लीजिए लिखा पत्र फेंका, पुलिस समझा रही
प्रयागराज। हाईकोर्ट के पास शुक्रवार सुबह एक महिला 100 फीट ऊंची पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गई। महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में महिला से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला ने टंकी के ऊपर से कुछ पत्र भी नीचे फेंके हैं। इन पत्रों में भगवतपुर में सड़क/फोरलेन निर्माण के लिए जमीन लिए जाने और प्राचीन हनुमान मंदिर से जुड़ा मामला उठाया गया है। महिला की पहचान पूनम दुबे (45), पत्नी ननकू दुबे के रूप में हुई है। वह एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भगवतपुर की रहने वाली बताई गई हैं। महिला के बेटे के मुताबिक, जमीन से जुड़े विवाद को लेकर उनकी मां नाराज हैं और इसी के विरोध में वह पानी की टंकी पर चढ़ी हैं।
महिला की ओर से नीचे फेंके गए पत्र में प्रार्थी के तौर पर पूनम दुबे पत्नी ननकू दुबे का नाम लिखा है। पत्र में भगवतपुर गांव में सड़क निर्माण के लिए जमीन लिए जाने का उल्लेख किया गया है। पत्र में प्राचीन हनुमान मंदिर से जुड़ा मामला भी उठाया गया है। महिला ने अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर मंदिर और जमीन को बचाने की मांग की है। पत्र में यह भी कहा गया है कि निर्माण कार्य से आसपास की जमीन और मंदिर प्रभावित हो रहे हैं। महिला ने अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
महिला के बेटे ने बताया कि फोरलेन निर्माण के लिए जमीन से जुड़े मामले को लेकर परिवार में नाराजगी है। उनका कहना है कि इसी मुद्दे को लेकर उनकी मां अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाना चाहती हैं। शुक्रवार सुबह वह पानी की टंकी पर चढ़ गईं और ऊपर से पत्र नीचे फेंककर अपनी मांग अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
महिला के टंकी पर चढ़ने के बाद आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिसकर्मी लगातार महिला से बातचीत कर रहे हैं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। अधिकारी महिला को समझाकर नीचे लाने के साथ ही पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। पत्र में लगाए गए आरोपों और जमीन से जुड़े विवाद की भी जांच की जा रही है।