विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों ने श्रमिक समाज कल्याण संघ के बैनर तले किया धरना प्रदर्शन
मेरठ। विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को परिवहन निगम के दर्जनों कर्मचारियों ने श्रमिक समाज कल्याण संघ के बैनर तले धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए सभी समस्याओं के समाधान की मांग की। धरना प्रदर्शन कर रहे सदस्यों ने बताया कि, संघ के द्विपक्षीय समझौते के अनुसार निगम में आउटसोर्स के माध्यम से तैनात किये गये समस्त परिचालकों को सीधे विभागीय संविदा से तत्काल आबद्ध करने के आदेश निर्गत किए जाये।
जो भी चालक / परिचालक की भर्ती भविष्य में की जाये, उसे परिवहन निगम द्वारा ही किया जाये। ताकि निगम में एक रूपता बनी रहे। संघ के समझौते के अनुसार निगम कर्मचारियों के सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान तत्काल माह सितम्बर से किया जाये। निगम कर्मचारियों के बकाया मंहगाई भत्ते की जुलाई 2025 की 03 प्रतिशत एवं जनवरी 2026 के 02 प्रतिशत को तत्काल देय तिथि से दिया जाये।
संविदा कार्मिकों की सेवानिवृत्ति के पश्चात् उन्हें ग्रेज्युटी दी जाये तथा उनकी सेवा नियमावली बनायी जाये। साथ ही स्वच्छ एवं उत्कृष्ट सेवा करने वाले संविदा चालकों-परिचालकों को नियमित किया जाये। शासन से स्वीकृत किये गये विभिन्न पदों हेतु रिक्त 547 पदों पर तत्काल भर्ती सम्पन्न करायी जाये, साथ ही सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक के रिक्त पदों को तत्काल सीधी भर्ती से भरा जाये।
उन्होंने कहा कि, समस्त निगम कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की भांति कैशलेश चिकित्सा सुविधा आयुष्मान भारत/पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय के अनुसार तत्काल प्रदान की जाये। निगम के 19 डिपो को आउटसोर्स के माध्यम से तकनीकी मरम्मत कराये जा रहे की समीक्षा की जाये जिस पर हो रहे अधिक व्यय भार से बचा जा सके। डग्गामार वाहनों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाये तथा ठेका परमिट वाहनों को शहर की सीमा से बाहर रोका जाये, जिससे निगम को हो रही आर्थिक क्षति से बचा जा सके।संघ के पदाधिकारियों व कर्मचारियों का बदले की भावना से हो रहे उत्पीड़न को तत्काल रोका जाये। मृतक आश्रित कोटे के अन्र्तगत नियुक्ति तत्काल प्रदान की जाये ।