बीएससी के छात्र की मौत, महिला समेत पांच लोग हुए घायल
कन्नौज। बीती रात दो युवकों में बहस को लेकर विवाद हो गया। जिसके चलते उनमें मारपीट होने लगी। दोनों ने फोन कर अपने पक्ष के युवकों को बुला लिया। और फिर विवाद बढ़ गया। इस बीच एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के लोगों पर बोलेरो चढ़ा दी, जिससे बीएससी के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि महिला समेत 5 लोग घायल हो गए।
ये घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर पैठ गांव की है। यहां रामपुर गांव कर रहने वाले अरविंद सिंह कोल्ड स्टोरेज में अपना आलू देखकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में एक चाय की दुकान पर वह रुक गए और वहां बैठे लोगों से बातचीत करने लगे।
हंसी-मजाक के दौरान वहां बैठा महमूदपुर पैठ गांव का मटरू उर्फ श्याम सिंह बातचीत के दौरान अरविंद से बहस करने लगा। अरविंद ने पूछा कि मुझे पहचानते नहीं हो, इस पर मटरू ने जवाब दिया कि नहीं पहचानते तो क्या करोगे। इसी बहस के कारण उनमें मारपीट हो गई।
रामपुर गांव के रहने वाले अर्पित सिंह ने बताया कि अरविंद ने फोन कर अपने गांव रामपुर के युवकों को झगड़े की सूचना दी तो कुछ लोग उन्हें बचाने पहुंच गए। तब तक मटरू ने भी अपने गांव महमूदपुर पैठ के युवकों को बुलाने के लिए फोन कर दिया। यहां रामपुर गांव के कुछ युवक पहुंच गए और बातचीत करने लगे, तभी मटरू के पक्ष से अंकित, पंकज, पवन, आशीष और शुभम सिंह वहां पहुंच गए। अंकित बोलेरो से पहुंचा। जिसको देखते ही मटरू ने उससे बोला कि इन सबके ऊपर बोलेरो चढ़ा दो। कोई बचने न पाए।
ये सुनते ही अंकित ने वहां मौजूद रामपुर गांव के युवकों पर बोलेरो चढ़ा दी। जिसके नीचे आने से रामपुर गांव निवासी आशीष उर्फ भोलू (18) पुत्र मालिखान सिंह की मौत हो गई। जबकि इस घटना में पृथ्वी सिंह, शिवा, आदित्य, राकेश दोहरे और जाफरीन घायल हो गईं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना को लेकर एसपी विनोद कुमार ने बताया कि दो पक्षों के विवाद में एक युवक ने दूसरे पर बोलेरो चढ़ा दी। मामले में तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।