फर्जी दस्तावेज से 12 लाख की जालसाजी, ट्रांसपोर्टर पर केस दर्ज
हापुड़। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के बलिया गोदाम से हापुड़ के दो व्यापारियों का 378.20 क्विंटल (780 बोरा) सरकारी चावल रास्ते में ही गायब हो गया। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर ने फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर करीब 12 लाख रुपए का चावल हड़प लिया।
व्यापारियों ने जब ट्रक की लोकेशन जांची, तो पता चला कि कागजों में दर्ज नंबर का ट्रक असम और पश्चिम बंगाल में है। यह धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद व्यापारियों ने पुलिस में शिकायत की। एसपी के आदेश पर हापुड़ देहात थाने में मंगलवार करीब 9.15 बजे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक गढ़ रोड स्थित नई मंडी में पक्का बाग निवासी अनुज गर्ग और यश कंसल की दुकानें हैं। दोनों व्यापारी एफसीआई की ओएमएस योजना के तहत टेंडर से चावल खरीदते हैं। अनुज गर्ग का 76.70 क्विंटल और यश कंसल का 301.50 क्विंटल चावल बलिया के एफसीआई गोदाम से हापुड़ लाया जाना था। चावल लाने के लिए सीतापुर की सलूजा रोड लाइंस के मालिक जतिंदर सलूजा से बात की गई थी।
आरोप है कि विश्वास दिलाने के लिए ट्रांसपोर्टर ने गाड़ी की आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड की कॉपी शुभम गर्ग के व्हाट्सएप पर भेजी थीं। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।