डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अफसर सस्पेंड
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला इमारत गिरने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मलबे में खोज अभियान के दौरान एनडीआरएफ के डॉग्स की मदद ली जा रही है। मलबे को भी धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई थी। अचानक घटी इस घटना से इमारत के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला और वह मलबे के नीचे दब गए।
शांति निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद मलबे से आज सुबह एक और शव बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है। दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक हरिराम को पकड़ने के लिए 10 अलग अलग टीमें बनाई है। इन 10 टीमों में जिले की लोकल पुलिस और स्पेशल स्टॉफ के अलावा जिले के अलग अलग आॅपरेशन यूनिट के पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन सभी टीमों को जिले के एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी लीड कर रहे हैं। हरिराम को पकड़ने के लिए पुलिस दिल्ली, हरियाणा और यूपी में रेड्स कर रही है।
सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के मामले में एमसीडी ने बड़ी कार्रवाई की है। दक्षिण जोन में तैनात डिप्टी कमिश्नर समेत पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही लंबित रहने तक निलंबन के आदेश दिए गए हैं।