हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त, घायलों को जिला अस्पताल भेजा
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में अनूपशहर मार्ग पर कलौली गांव के पास सोमवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट और बलेनो कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर के बाद कारों में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, समय रहते स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर यात्रियों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों कारों की टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। कारों में लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त गाड़ियों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। हादसे में घायल लोगों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के बाद अनूपशहर रोड पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन और राहगीरों की मदद से क्षतिग्रस्त दोनों कारों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात दोबारा सुचारु हो सका। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।