रात में घर के बाहर से भैंसा चोरी, परिवार के सामने आर्थिक संकट
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के ग्राम चेतावाला में रात के समय चोर एक ग्रामीण की भैंसा चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश की, लेकिन भैंसे का कोई सुराग नहीं लग सका।जानकारी के अनुसार ग्राम चेतावाला निवासी चिम्मन अपने परिवार का पालन-पोषण भैंसा-बुग्गी चलाकर करते हैं। बताया गया कि रोजाना की तरह उन्होंने रात में भैंसे को घर के पास बांधा था। देर रात अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और भैंसे को चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो वहां भैंस नहीं मिली। आसपास तलाश करने पर भी उसका पता नहीं चला।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने आसपास के रास्तों, खेतों और गांव के बाहर काफी देर तक भैंसे की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिजनों का कहना है कि भैंसे उनके परिवार की आय का महत्वपूर्ण साधन थी। भैंसा चोरी होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिवार और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली तथा आसपास के क्षेत्र में भी जांच की।
ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द भैंसा बरामद करने और चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।