मालिक के बेटे और दोस्त को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी
बागपत। बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित एक होटल में शराब के नशे में पहुंचे तीन युवकों ने हंगामा किया। उन्होंने ग्राहकों से गाली-गलौज की और होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। आरोप है कि युवकों ने होटल मालिक के बेटे और उसके दोस्त को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
कोताना रोड स्थित लक्ष्मी नगर कॉलोनी निवासी राहुल कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह होटल में काम करते हैं। बृहस्पतिवार की रात करीब 9:45 बजे तीन युवक वैगनआर कार से होटल आए। वे शराब के नशे में थे और होटल में मौजूद ग्राहकों से गाली-गलौज करने लगे। खाना खाने के बाद जब वे बिना बिल दिए जाने लगे, तो राहुल और अन्य कर्मचारियों ने उन्हें रोका। इस पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान होटल मालिक के बेटे रंजन तोमर और उनके दोस्त सुमित कुमार वहां पहुंचे। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और खुद को बदमाश बताते हुए कार से हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद तीनों आरोपी कार से फरार हो गए। राहुल ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।